छत्तीसगढ़

सड़क हादसा: दूध लेने गए बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

Shantanu Roy
31 Aug 2025 11:40 PM IST
सड़क हादसा: दूध लेने गए बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर
x

सांकेतिक तस्वीर (AI)

Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर इलाके में एक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां दूध लेने गए एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए कृष्णा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल अभनपुर में भर्ती कराया गया। घटना 5 अगस्त 2025 की रात करीब 8 बजे की है। पीड़ित बुजुर्ग देवदर्शन सिंह राजपूत अपने घर से दूध लेने के लिए अभनपुर राजिम रोड स्थित शुक्ला डेयरी गए थे। वे जैसे ही सड़क क्रॉस कर रहे थे, तभी राजिम की ओर से आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें साइड से जोरदार टक्कर मार दी।

तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया वाहन
परिजनों का कहना है कि मोटरसाइकिल चालक ने गाड़ी तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उनके कमर के नीचे गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उठाकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पीड़ित की बेटी, जो रायपुर में रहकर बी.कॉम की पढ़ाई कर रही है, 30 अगस्त 2025 को अभनपुर थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। बेटी ने बताया कि हादसे की जानकारी उसके पिता ने स्वयं उसे दी। साथ ही आसपास मौजूद लोगों ने भी घटना को अपनी आंखों से देखा।

अस्पताल में चल रहा इलाज
फिलहाल घायल बुजुर्ग कृष्णा मल्टी अस्पताल में उपचाररत हैं। चिकित्सकों के अनुसार चोटें गंभीर हैं लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अभनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के आरोपी अज्ञात बाइक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ भी की जा रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि दोबारा ऐसी घटनाएं न हों।
Next Story