छत्तीसगढ़
दुर्ग में H1N1 का बढ़ा खतरा, 13 मरीज मिले पॉजिटिव, 9 एक्टिव केस
Shantanu Roy
31 Aug 2026 10:13 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 5 अगस्त से 29 अगस्त 2026 के बीच जिले में कुल 13 H1N1 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से 4 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 9 मरीजों का उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमित मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग लगातार संक्रमित मरीजों की निगरानी कर रहा है। नए पॉजिटिव मामले सामने आने पर मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। स्वास्थ्य अमला मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
13 मरीज मिले पॉजिटिव
जिला सर्विलेंस अधिकारी सीबी बंजारे के अनुसार, जिले में अब तक कुल 13 मरीजों की H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से चार मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं दो मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। इसके अलावा 7 संक्रमित मरीज जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है। इस तरह स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 9 एक्टिव केस हैं। सभी मरीजों की हालत अभी सामान्य बताई गई है और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
ट्रैवल हिस्ट्री और कांटेक्ट ट्रेसिंग पर जोर
जिले में नए संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनकी ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर आवश्यक निगरानी की जा रही है। जिला सर्विलेंस अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी अस्पतालों को H1N1 को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसी अस्पताल में H1N1 का पॉजिटिव मरीज सामने आने पर तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को संक्रमित मरीजों के उपचार के साथ संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा मरीजों की स्थिति पर नियमित नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, H1N1 संक्रमण का खतरा कुछ संवेदनशील वर्गों में अपेक्षाकृत अधिक रहता है। इनमें छोटे बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भीड़भाड़ से बचने और मास्क लगाने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। आवश्यकता होने पर मास्क का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से अच्छी तरह धोते रहें तथा व्यक्तिगत और आसपास की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सावधानी और समय पर जांच के माध्यम से संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण सामने आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क कर जांच करानी चाहिए। जिले में H1N1 के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है। नए मामलों की पहचान, कांटेक्ट ट्रेसिंग, मरीजों की मॉनिटरिंग और अस्पतालों को आवश्यक निर्देश देने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का जोर संक्रमण की समय रहते पहचान और उसके प्रसार को रोकने पर है।
Next Story





