छत्तीसगढ़

रईसजादों ने बाइक सवार भाई-बहन को ठोका, दोनों की हालत नाजुक

Shantanu Roy
15 Feb 2024 7:44 AM GMT
रईसजादों ने बाइक सवार भाई-बहन को ठोका, दोनों की हालत नाजुक
x
छग
भिलाई। भिलाई के नेहरू नगर में बुधवार रात एक रईसजादे ने शराब के नशे में एसयूवी कार से बाइक सवार भाई-बहन को तेज टक्कर मार दी। बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद युवक ने कार को एक बड़े ट्रांसफॉर्मर से ठोक दिया। हादसे में घायल भाई-बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे नेहरू नगर स्थित कैलाश पर्वत रेस्टोरेंट के पास दुर्ग का रहने वाला हर्ष जैन अपनी कार CG 07 BV 5678 से काफी तेज रफ्तार में आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसकी कार की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे के करीब रही होगी।
हर्ष तेज रफ्तार में नेहरू नगर चौक की तरफ से केपीएस स्कूल की तरफ आया। मोड़ पर उससे गाड़ी नहीं संभली। उसी समय रायपुर नाका सिंधी कॉलोनी दुर्ग का रहने वाला निखिल सिंह (21) अपनी बहन सरनजीत कौर (18) के साथ कैलाश पर्वत रेस्टोरेंट से निकल रहा था। हर्ष ने अपनी तेज रफ्तार कार से बाइक सवार दोनों भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक (CG 07 LW 7740) को लगी तेज टक्कर से दोनों भाई-बहन हवा में 10 फीट तक उछल गए। दोनों हादसे में गंभीर रू से घायल हैं। इसके बाद आरोपी ने रेस्टोरेंट के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में भी अपनी कार घुसा दी।
टक्कर से बाइक सवार निखिल सिंह का बायां पैर पूरी तरह से कटकर लटक गया। वहीं दाहिना पैर टूट गया। युवती सरनजीत के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को तुरंत एंबुलेंस से स्पर्श हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां दोनों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आरोपी हर्ष जैन दुर्ग के मॉर्डन पटाखा व्यवसायी अनीश जैन का बेटा है। वहीं घायल युवक और युवती आप नेता मेहरबान सिंह के भतीजे-भतीजी हैं। मेहरबान सिंह ने बताया कि हर्ष जैन ने काफी शराब पी रखी थी। वो कई बार इसी तरह शराब के नशे में रफ ड्राइविंग करते हुए देखा जा चुका है।
मेहरबान सिंह का कहना है कि उसकी गलती से उनके भतीजे-भतीजी का जीवन संकट में है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार किया गया, लेकिन फिर जमानत पर छोड़ दिया गया। आप नेता का कहना है कि आरोपी को कड़ी सजा होनी चाहिए। मेहरबान सिंह ने बताया कि उनके भाई-भाभी एक बाइक पर और भतीजा-भतीजी दूसरी बाइक पर थे। वो लोग रात में खाना खाने के लिए कैलाश पर्वत रेस्टोरेंट नेहरू नगर गए थे। वहां रेस्टोरेंट बंद हो जाने के चलते वे सभी लौट रहे थे। भाई-भाभी की बाइक सड़क पार कर चुकी थी। इधर भतीजा बहन को बैठाकर रोड पार करने ही वाला था कि पलक झपकते एक कार उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए आगे ट्रांसफॉर्मर में घुस गई। दुर्घटना के समय मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि हर्ष जैन ने काफी शराब पी रखी थी। दुर्घटना के बाद वो कार से उतरा और बोला ऐसे एक्सीडेंट हो जाता है। पुलिस को बुलाइये, उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। हर्ष की इन बातों पर लोगों को गुस्सा भी आया, लेकिन वो इतने नशे में था कि लोगों ने उसे नहीं मारा। बाद में स्मृति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई।
Next Story