छत्तीसगढ़
कृषि विश्वविद्यालय में शोध को मिलेगी नई उड़ान, 13 हजार अंतरराष्ट्रीय जर्नल तक मिलेगी डिजिटल पहुंच
Shubhra Nandy
14 Nov 2026 8:23 AM IST

x
वैश्विक ज्ञान की ताकत
रायपुर : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ (ONOS) पर एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शोध प्रकाशनों और अकादमिक पत्रिकाओं तक डिजिटल पहुंच तथा उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में देश के पूर्वी क्षेत्र के राज्यों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल थे। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य प्रतिभागियों को वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पहल की विशेषताओं, उपलब्धता, कार्यप्रणाली और इसके प्रभावी उपयोग के संबंध में जागरूक करना था।
भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई इस महत्वाकांक्षी पहल के माध्यम से केंद्रीकृत सदस्यता व्यवस्था के अंतर्गत देशभर के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को प्रतिष्ठित शोध प्रकाशनों और अकादमिक पत्रिकाओं तक डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
6 हजार करोड़ रुपये की योजना से अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना प्रारंभ की है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 नवंबर 2024 को इस योजना को स्वीकृति प्रदान की थी, जबकि इसका क्रियान्वयन 1 जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ।
योजना के प्रथम चरण वर्ष 2025 से 2027 के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत देश के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की 13,000 से अधिक प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं तक एकीकृत डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।
इस महत्वाकांक्षी योजना का क्रियान्वयन शिक्षा मंत्रालय के माध्यम से इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, यूजीसी द्वारा किया जा रहा है। योजना के माध्यम से शिक्षकों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को विभिन्न विषयों से संबंधित नवीनतम अंतरराष्ट्रीय शोध सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
कृषि अनुसंधान के लिए बेहद महत्वपूर्ण पहल : कुलपति
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस योजना से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों को कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, फसल सुधार, पादप संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं टिकाऊ कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवीनतम अंतरराष्ट्रीय शोध और वैज्ञानिक जानकारी तक पहुंच मिलेगी। कुलपति डॉ. चंदेल ने कहा कि इस पहल से स्नातकोत्तर एवं पीएचडी शोधार्थियों के शोध कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ अकादमिक सहयोग और बहुविषयक अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध नवीनतम वैज्ञानिक ज्ञान तक पहुंच के लिए इस योजना को महत्वपूर्ण बताया।
कृषि तकनीकी विकास को मिलेगी नई दिशा
कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में ओएनओएस योजना के प्रभारी डॉ. एस.के. त्रिपाठी ने योजना के महत्व और इसके प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन कृषि अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक ज्ञान और नवीनतम वैज्ञानिक शोध तक पहुंच उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि इस योजना का प्रभावी उपयोग इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शोध की गुणवत्ता, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग तथा कृषि तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय में योजना के अधिकतम उपयोग के लिए इसके पंजीकरण एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नेहरू पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. उदय कुमार वट्टी ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की और आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी।
प्रतिभागियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन की कार्यप्रणाली, इसकी पहुंच और उपयोग की सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही योजना की विभिन्न विशेषताओं के व्यावहारिक उपयोग तथा प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित समस्याओं और चुनौतियों के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शोध एवं शैक्षणिक सूचना संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनकी उपलब्धता एवं पहुंच में सुधार करने तथा शिक्षण, अध्ययन एवं अनुसंधान गतिविधियों में ओएनओएस के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करना था।
Next Story





