छत्तीसगढ़

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में हुआ पंजीयन

Shantanu Roy
8 Sept 2026 9:30 PM IST
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में हुआ पंजीयन
x
छग
Raipur. रायपुर। जन-सेवा और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने की दिशा में रायपुर जिला प्रशासन द्वारा निरंतर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में उपसंचालक कृषि कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक मिसाल कायम की है। कृषि विभाग के कुल 152 अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक साथ इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की वार्षिक सदस्यता ग्रहण कर मानव सेवा का संकल्प लिया। रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए उपसंचालक कृषि सतीश अवस्थी ने बताया कि विभागीय अमले ने उत्साहपूर्वक आगे आकर यह सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित समय-सीमा की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को 152 नवीन सदस्यों द्वारा जमा की गई निर्धारित सदस्यता राशि विधिवत रूप से सौंपी।


कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कृषि विभाग के इस जन-कल्याणकारी कदम की सराहना करते हुए अन्य विभागों को भी रेडक्रॉस सोसायटी जैसे मानवीय अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी संकट के समय स्वास्थ्य, रक्तदान एवं आपातकालीन सहायता प्रदान करने वाली एक प्रमुख संस्था है, जिसमें शासकीय सेवकों की यह भागीदारी सामाजिक दायित्वों के प्रति उनकी सजगता को दर्शाती है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर जिला दंडाधिकारी उमाशंकर बंदे तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Next Story