छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

Subhi
25 Sept 2026 7:20 AM IST
छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
x
भारी बारिश का रेड अलर्ट

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से बने गहरे अवदाब (डिप्रेशन) के कारण मौसम विभाग ने आज (25 सितंबर 2026) कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर गुरुवार को भी पूरे दिन जारी रहा। तरबतर हुए बस्तर में आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं, और बीजापुर तथा कोंडागांव में भी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार रात आठ बजे तक अकेले जगदलपुर में लगभग एक सौ तीस मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिसके कारण शहर से लेकर गांवों तक पानी भर गया है।

भारी बारिश के चलते शहर के कई मुख्य मार्ग और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। जगदलपुर का धरमपुरा मार्ग बिनाका मॉल के पास जलमग्न हो गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में दरभा, लोहंडीगुड़ा और बास्तानार ब्लॉक के अंदरूनी गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है।

लगातार हो रही इस बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पुराना पुल स्थित गेज साइट पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से आधा मीटर नीचे तक पहुंच गया है। मौजूदा स्तर 6.30 मीटर हे। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है, जिससे इंद्रावती के वार्निंग लेवल को पार करने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने आपातकालीन बैठक लेकर मैदानी अमले, तहसीलदारों और पुलिस अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश दिए हैं। तटीय गांवों और संवेदनशील बस्तियों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क कर दिया गया है। जिन पुल-पुलियों पर पानी बह रहा है, वहां बैरिकेड्स लगाकर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

Next Story