छत्तीसगढ़

दुर्ग होटल हत्याकांड में छठवां आरोपी रवि शर्मा गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Sept 2026 7:21 PM IST
दुर्ग होटल हत्याकांड में छठवां आरोपी रवि शर्मा गिरफ्तार
x
छग
Durg. दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन में हुए ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छठवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने होटल मालिक रवि शर्मा (43) को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। आरोप है कि उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद ऋषि के साथ होटल में मारपीट की गई थी, जिसमें गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब होटल मालिक रवि शर्मा की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरा विवाद पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ था। घटना 24 जनवरी की बताई जा रही है। ऋषि निर्मलकर (19) और आरोपियों के बीच उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि ऋषि से कुछ रकम रवि शर्मा को लेनी थी। आरोप है कि पैसा वापस नहीं करने और फोन नहीं उठाने को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसके बाद रवि शर्मा ने कुछ लोगों को बुलाया और ऋषि से पैसे की वसूली करने का दबाव बनाया गया। पुलिस के मुताबिक, ऋषि को होटल 36 इन लाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान ऋषि को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।
मामले की शुरुआत में पुलिस ने इसे मर्ग के रूप में जांच में लिया था। 25 जनवरी को थाना सुपेला से मर्ग डायरी मिलने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान और अस्पताल की रिपोर्ट की जांच के बाद पुलिस को पता चला कि शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण ऋषि की मौत हुई है। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ऋषि को उसके साथियों के जरिए रास्ते से ले जाकर होटल 36 इन पहुंचाया गया था। होटल के कमरे में उसके साथ मारपीट की गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए सबसे पहले प्रशांत राव और लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे को गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की गई। 2 फरवरी को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काके उर्फ हरविंदर सिंह, मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर और अंकित झा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी मामले की जांच जारी थी। पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर होटल मालिक रवि शर्मा की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच में अपराध में उसकी संलिप्तता पाए जाने के बाद रवि शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत राव (26 वर्ष), निवासी ओम नगर उरला दुर्ग, लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे (18 वर्ष), निवासी जयंती नगर दुर्ग, काके उर्फ हरविंदर सिंह (20 वर्ष), निवासी कैलाश नगर दुर्ग, मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19 वर्ष), निवासी गुरुनानक नगर दुर्ग, अंकित झा (22 वर्ष), निवासी हावड़ा पश्चिम बंगाल हाल मुकाम दीपक नगर दुर्ग और रवि शर्मा (43 वर्ष), निवासी खंडेलवाल कॉलोनी दुर्ग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। ऋषि निर्मलकर की मौत से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Next Story