छत्तीसगढ़

रवि भगत जेल दाखिल, कल हाईस्कूल में किया था हंगामा

Nil dhankar
29 July 2026 3:03 PM IST
रवि भगत जेल दाखिल, कल हाईस्कूल में किया था हंगामा
x
छग

रायगढ़। लैलूंगा ब्लॉक स्थित शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में मंगलवार को भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने जमकर हंगामा किया था। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के तहत बांटी जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। इस मामले में उन्हें जेल भेज दिया गया है।

लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रवि भगत के खिलाफ शांति भंग करने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कूपाकानी के शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार (28 जुलाई) को 7 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जानी थीं। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान रवि भगत वहां पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा करने लगे।

स्थिति को देखते हुए स्कूल के प्राचार्य ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि शासन की योजना के तहत आई साइकिलों का वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद रवि भगत विरोध करते रहे और स्कूल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। रवि भगत ने उच्चाधिकारियों को बुलाने की बात कहते हुए गुणवत्ता विहीन साइकिल को वितरण नहीं करने देने की बात कही। जिसके बाद प्राचार्य ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए थाना में इसकी सूचना दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रवि भगत को हिरासत में लेकर थाना ले आए। विधिवत गिरफ्तार करने के बाद रवि भगत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Next Story