छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में राशन वितरण प्रभावित, 25 दुकानों में नहीं पहुंचा अनाज

Tulsi Rao
30 Sept 2026 11:37 AM IST
छत्तीसगढ़ में राशन वितरण प्रभावित, 25 दुकानों में नहीं पहुंचा अनाज
x

गरियाबंद। गरीब परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए सितंबर और अक्टूबर माह का राशन एकमुश्त वितरित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत 24 अगस्त से 7 सितंबर तक सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन का आबंटन पहुंचाया जाना था, लेकिन देवभोग ब्लॉक में तय समयसीमा बीतने के बाद भी कई दुकानों तक पूरा खाद्यान्न नहीं पहुंच सका है।

विभागीय जानकारी के अनुसार सितंबर के अंतिम दिनों तक ब्लॉक की करीब 20 से 25 राशन दुकानों में लगभग 1500 क्विंटल खाद्यान्न पहुंचना बाकी है। इसके कारण 5 हजार से अधिक हितग्राही अब तक अपने हिस्से के राशन का इंतजार कर रहे हैं।

देवभोग ब्लॉक में कुल 56 शासकीय उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं। इनसे करीब 33 हजार 457 राशन कार्डधारी जुड़े हुए हैं। विभाग के मुताबिक अब तक लगभग 74 प्रतिशत राशन का आबंटन किया जा चुका है, जबकि 26 प्रतिशत खाद्यान्न अभी भी दुकानों तक पहुंचना बाकी है।

कई दुकानों में सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का पूरा राशन नहीं पहुंच पाया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार गिरसूल में 266 क्विंटल, मुड़ागांव में 143 क्विंटल, डुमरबहाल में 190 क्विंटल, खुटगांव में 185 क्विंटल, माहुलकोट में 186 क्विंटल, मुंगिया में 122 क्विंटल और भतराबाहली में 83 क्विंटल खाद्यान्न पहुंचना बाकी है।

तय समयसीमा में राशन नहीं पहुंचने से हजारों हितग्राहियों की परेशानी बढ़ गई है। लोग लगातार उचित मूल्य दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं और अपने हिस्से के राशन का इंतजार कर रहे हैं। इससे खाद्यान्न परिवहन और वितरण व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

अब विभाग के सामने शेष खाद्यान्न को जल्द से जल्द राशन दुकानों तक पहुंचाने की चुनौती है, ताकि सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का राशन वंचित हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जा सके।

खाद्य निरीक्षक देवभोग मिनकेतन राणा के अनुसार खाद्यान्न आबंटन में देरी को लेकर 18 और 25 सितंबर को कलेक्टर खाद्य शाखा को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है।

वहीं वेयर हाउस के शाखा प्रबंधक महेंद्र ठाकुर ने बताया कि सितंबर माह का पूरा भंडारण किया जा चुका है। अक्टूबर माह का कुछ खाद्यान्न अभी बाकी है। उनके मुताबिक करीब 4 से 5 हजार क्विंटल खाद्यान्न शेष है, जिसे दो से तीन दिनों के भीतर राशन दुकानों तक पहुंचाने की तैयारी है।

फिलहाल हजारों हितग्राहियों की नजर इस बात पर है कि शेष राशन कितनी जल्दी दुकानों तक पहुंचता है और उन्हें दोनों महीनों का खाद्यान्न कब तक मिल पाता है।

Next Story