छत्तीसगढ़

राजपूत समाज राष्ट्र निर्माण की रीढ़, वीरता और एकता इसका आधार: डॉ. रमन सिंह

Shantanu Roy
5 Oct 2025 7:45 PM IST
राजपूत समाज राष्ट्र निर्माण की रीढ़, वीरता और एकता इसका आधार: डॉ. रमन सिंह
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना, छत्तीसगढ़ प्रदेश की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेश की राजनीति और सामाजिक एकता का प्रभावशाली संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव (KiranDeoBJP) भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ. सिंह ने राजपूत समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “हमारा राजपूत समाज न केवल अपनी गौरवशाली परंपरा और वीरता के लिए जाना जाता है, बल्कि उसने सदैव राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है।”

राजपूत समाज देश की आन-बान-शान – डॉ. रमन सिंह
सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा- “राजपूत समाज ने इतिहास के हर दौर में देश की रक्षा, संस्कृति के संवर्धन और समाज की एकता के लिए बलिदान दिया है। आज भी यह समाज अपनी उस परंपरा को निभा रहा है। वीरता, अनुशासन और निष्ठा इस समाज की पहचान हैं।” उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में जब समाज में विभाजन और मतभेद बढ़ रहे हैं, ऐसे में राजपूत समाज का एकजुट रहना देश के लिए प्रेरणा का विषय है। डॉ. सिंह ने युवाओं से समाज के गौरवशाली इतिहास को आत्मसात करने और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने भी किया संबोधन
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने भी मंच से समाज को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का राजपूत समाज न केवल राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त है, बल्कि यह राज्य के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार समाज की हर चिंता और अपेक्षा पर संवेदनशील है। किरणदेव ने कहा- “राजपूत समाज के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम छत्तीसगढ़ को नए विकासपथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह समाज हमेशा न्याय, साहस और सत्य का प्रतीक रहा है।”


महासभा में बड़ी संख्या में पहुंचे प्रतिनिधि
वीरांगना महासभा के इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेशभर से आए राजपूत समाज के वरिष्ठजनों, महिला प्रतिनिधियों और युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में समाज की सांस्कृतिक झांकियों, सम्मान समारोह और पारंपरिक परिधान में सज्जित प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया। राजपूत समाज के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव का शाल, श्रीफल और तलवार भेंट कर सम्मान किया।
Next Story