छत्तीसगढ़

रायपुर ग्रामीण पुलिस का अभियान, 72 कड़े और 19 चाकू समेत 106 सामान जमा

Shantanu Roy
18 Sept 2026 7:20 PM IST
रायपुर ग्रामीण पुलिस का अभियान, 72 कड़े और 19 चाकू समेत 106 सामान जमा
x
छग
Raipur. रायपुर। अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित माहौल बनाने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत जनसहभागिता की बड़ी पहल सामने आई है। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 106 हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान पुलिस को सौंपे हैं। यह अभियान जिला रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन और विधानसभा एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना विधानसभा, तिल्दा-नेवरा और खरोरा क्षेत्र में चलाया जा रहा है।
गांव-गांव पहुंचकर पुलिस कर रही जागरूक
पुलिस टीम द्वारा अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों से संवाद किया जा रहा है। ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि अनावश्यक रूप से हथियार या किसी भी तरह का आपत्तिजनक सामान रखना कई बार विवाद की स्थिति को गंभीर बना सकता है। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावित परिस्थितियों को पहले ही रोकना है।
ग्रामीणों ने स्वेच्छा से जमा किए हथियार
अभियान के दौरान पुलिस की जनजागरूकता और ग्रामीणों के सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पहले ग्रामीणों द्वारा 15 हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान स्वेच्छा से जमा किए गए थे। इसके बाद अभियान के दौरान ग्रामीणों ने अतिरिक्त रूप से 72 कड़े और 19 चाकू भी पुलिस के हवाले किए हैं। इस तरह अब तक कुल 106 हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान पुलिस को सौंपे जा चुके हैं।
विवाद को बढ़ने से रोकने पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि कई बार छोटी-सी कहासुनी या विवाद अचानक गंभीर रूप ले लेता है। ऐसे समय में आसपास मौजूद हथियार या धारदार सामान बड़ी घटना का कारण बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा लोगों को हथियारों से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बच्चों और युवाओं को लेकर भी जागरूकता
अभियान के तहत पुलिस बच्चों और युवाओं को हथियारों से दूर रहने की सलाह दे रही है। साथ ही
अभिभावकों
से अपील की जा रही है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण में जनता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाया जा सकता है। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि “सेवा संकल्प अभियान” लगातार जारी रहेगा। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कानून व्यवस्था, सुरक्षा और अपराध रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
Next Story