छत्तीसगढ़

प्रेस क्लब रायपुर में मनमानी पर रोक, 60 दिन में होंगे चुनाव

Nil dhankar
8 Oct 2025 11:42 AM IST
प्रेस क्लब रायपुर में मनमानी पर रोक, 60 दिन में होंगे चुनाव
x

पंजीयक ने दी स्पष्ट हिदायत- नई सदस्यता और बढ़े शुल्क दोनों अवैध

पंजीयक के निर्णय को निष्पक्षता की दिशा में अहम कदम बताया वरिष्ठ पत्रकारों ने

नए समीकरण में इस बार चुनावी मुकाबला दिलचस्प होगा

क्या लालकिला गढ़ प्रेस क्लब संगठन को विपक्ष हरा पाएंगे या हटा पाएंगे, सबसे बड़ा सवाल

कौन है छुपे हुए कम्युनिष्ट पार्टी के और नाड़ा-पैजामा छाप कांग्रेसी नेता जो प्रेस क्लब की राजनीति में परदे के पीछे से खेल खेल रहे...

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में नई सदस्यता को लेकर चल रहे विवाद पर अब विराम लग गया है। पंजीयक फर्म्स एवं सोसायटी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जब तक प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का चुनाव नहीं हो जाता, तब तक कोई भी नई सदस्यता नहीं जोड़ी जाएगी। साथ ही, सदस्यता शुल्क में की गई मनमानी वृद्धि को भी पंजीयक ने अवैध करार दिया है।

वरिष्ठ पत्रकारों ने आपत्ति जताई

16 सितंबर को जारी निर्देशों के बावजूद प्रेस क्लब द्वारा 25 सितंबर से नई सदस्यता प्रक्रिया जारी रखी गई थी, जिसमें करीब 253 नए सदस्यों को जोड़े जाने की तैयारी थी। साथ ही, पुराने सदस्यों के लिए शुल्क 500 और नए सदस्यों के लिए 1000 निर्धारित कर दिया गया था। इस निर्णय के खिलाफ कई वरिष्ठ पत्रकारों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। पूर्व महासचिव संदीप पुराणिक, मोहन तिवारी, सनत तिवारी, शिव वर्मा, दामु अंबाडरे,विजय वर्मा, टीकम वर्मा और प्रदीप चंद्रवंशी ने पंजीयक को शिकायत भेजते हुए पुराने आदेशों की अवहेलना का मुद्दा उठाया था। इसके बाद पंजीयक ने क्लब को कड़ी हिदायत जारी करते हुए 60 दिनों के भीतर चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

17 फरवरी 2024 तक वैध रूप से पंजीकृत सदस्य भाग लेंगे

पंजीयक के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नई सदस्यता को लेकर कोई निर्णय मौजूदा समिति नहीं ले सकती; इस संबंध में निर्णय अब केवल निर्वाचित कार्यकारिणी ही करेगी। पंजीयक के आदेश के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया में केवल वही सदस्य भाग ले सकेंगे जो 17 फरवरी 2024 तक वैध रूप से पंजीकृत थे। जिन 125 सदस्यों के नाम पहले काट दिए गए थे, उन्हें भी राहत मिली है अब वे फिर से वैध सदस्य माने जाएंगे और मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इस फैसले का वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब के पुराने सदस्यों ने स्वागत किया है। प्रशांत शर्मा, प्रकाश शर्मा, रामावतार तिवारी, बृजेश चौबे, सुकांत राजपूत, प्रफुल्ल पारे, सुखनंदन बंजारे, गंगेश द्विवेदी, प्रवीण सिंह, दीपक पांडे, विनय घाटगे और महादेव तिवारी ने पंजीयक के निर्णय को निष्पक्षता की दिशा में अहम कदम बताया है।

नए आदेश के बाद हलचल तेज

पंजीयन के नए आदेश के आने के बाद चुनावी हलचल एक बार फिर से तेजी पकड़ रही है बताया जा रहा है कि अब क्योंकि आदेश से स्पष्ट है कि 2024 की मतदाता सूची में चुनाव होगा इसलिए चुनाव में भाग्य जमाने वाले अलग-अलग पैनल अभी से सक्रिय हो गए हैं, पुरानी मतदाता सूची में चुनाव होने से समीकरण बदल गए हैं ऐसे में इस बार चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है।

- खबर लिखे जाने तक इस संबंध में निवृत्तमान अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर से उनका पक्ष जानने फोन लगाया गया लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया ।

Next Story
null