छत्तीसगढ़

रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कुछ घंटों में तीन लापता नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद

Shantanu Roy
25 July 2026 10:06 PM IST
रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कुछ घंटों में तीन लापता नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद
x
छग
Raipur. रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी पश्चिम जोन की टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। थाना पुरानी बस्ती और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीसीपी पश्चिम जोन श्री रॉबिंसन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया और खोजबीन शुरू कर दी।
पहला मामला थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 की रात एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी स्कूल गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। इसी दौरान उसकी सहेली के भी घर नहीं पहुंचने की जानकारी मिली। दो नाबालिग बालिकाओं के एक साथ लापता होने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थानों, संभावित रास्तों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया।
पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और मानवीय सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए लगातार बालिकाओं की तलाश की। पुलिस की सक्रियता के चलते दोनों नाबालिग बालिकाओं को महज एक घंटे के भीतर रेलवे स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों बालिकाओं को उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। दूसरा मामला थाना आजाद चौक क्षेत्र का है। यहां आमा तालाब, रामकुंड निवासी एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी घर में डांटने के बाद सुबह करीब 11 बजे घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी।
मामले की सूचना मिलते ही थाना आजाद चौक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने बालिका की तलाश के लिए संभावित स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। पुलिस की टीम ने दोपहर करीब 2 बजे नाबालिग बालिका को बूढ़ा तालाब के पास से सकुशल बरामद कर लिया। बालिका को बरामद करने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी तलाश की जाती है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि परिवार का कोई सदस्य, विशेषकर नाबालिग बच्चा या बच्ची घर से लापता होता है तो बिना देरी किए इसकी सूचना नजदीकी थाने में दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को तलाश अभियान शुरू करने में मदद मिलती है और जल्द सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
Next Story