छत्तीसगढ़

साइबर ठगी से बचाव के लिए रायपुर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान

Shantanu Roy
13 Sept 2026 9:33 PM IST
साइबर ठगी से बचाव के लिए रायपुर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान
x
छग
Raipur. रायपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से बचाने और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए रायपुर पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नॉर्थ जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नागरिकों, कर्मचारियों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। 13 सितंबर 2026 को थाना उरला, खमतराई, खम्हारडीह और पंडरी क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने के साथ ही डिजिटल लेनदेन के दौरान जरूरी सावधानियों के बारे में बताया गया।

साइबर संकल्प के 9 वीडियो मॉड्यूल से जागरूकता
साइबर जागरूकता को आसान और प्रभावी बनाने के लिए साइबर संकल्प के तहत 9 विशेष वीडियो मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। करीब 5 से 6 मिनट के इन वीडियो में सरल भाषा के माध्यम से साइबर ठगी के नए तरीकों, डिजिटल सुरक्षा, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान नागरिकों को इन वीडियो मॉड्यूल के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सतर्क कर सकें।

उरला में कंपनी कर्मचारियों को दी जानकारी
थाना उरला क्षेत्र स्थित SBT Textiles Pvt. Ltd. कंपनी में कर्मचारियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कर्मचारियों को साइबर अपराधों के संभावित तरीकों और उनसे बचने के उपायों के बारे में समझाया गया। डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने की सलाह भी दी गई।

खमतराई क्षेत्र में 25 कार्यक्रम
थाना खमतराई क्षेत्र में साइबर जागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया। गंगानगर, शिवानंद नगर, लक्ष्मी नगर, प्रेम नगर, आरवीएच कॉलोनी, जागृति नगर, घासपारा, इंदिरा नगर, श्रीनगर, सतनामी पारा, भनपुरी चौक, दमानी पेट्रोल पंप और खमतराई थाना के सामने समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 25 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बताई गईं।

खम्हारडीह क्षेत्र में 18 जागरूकता कार्यक्रम
थाना खम्हारडीह क्षेत्र में भी अभियान के तहत कुल 18 कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना गुड़ियारी, गोगांव, पहाड़ी चौक, कान्हा चौक, आदर्श नगर, खालबाड़ा, महतारी चौक, विकास नगर, शुक्रवारी बाजार, कलिंग नगर और जगन्नाथ चौक सहित अलग-अलग स्थानों पर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। थाना परिसर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अंबुजा मॉल में भी लोगों को किया जागरूक
थाना पंडरी क्षेत्र में अंबुजा मॉल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करने की अपील की गई। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान से संबंधित QR कोड स्कैन कर अभियान में सहभागिता करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

OTP और बैंक जानकारी साझा नहीं करने की सलाह
अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और संदिग्ध मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी। लोगों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी साझा न करें। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में समय गंवाए बिना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। पुलिस के मुताबिक साइबर ठगी की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए गोल्डन ऑवर में शिकायत करने से कार्रवाई की संभावना बढ़ सकती है। रायपुर पुलिस का संदेश है कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता और सतर्कता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे खुद सुरक्षित रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी डिजिटल ठगी के प्रति जागरूक करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।
Next Story