
रायपुर। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देशानुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सरस्वती नगर पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
सरस्वती नगर थाने के अपराध क्रमांक 220/2012 धारा 302, 307, 506, 34, 147, 148 भादवि. के तहत पंजीबद्ध प्रकरण का आरोपी सोहेल उर्फ जिमी, पिता सुल्तान अली उम्र 38 वर्ष निवासी शासकीय कुआँ के पास कोटा थाना सरस्वती नगर जिला रायपुर उक्त प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा के दौरान अंबिकापुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान शासन के निर्देशानुसार आरोपी को अस्थायी रूप से पैरोल पर रिहा किया गया था। किंतु पैरोल अवधि समाप्त होने के पश्चात आरोपी पैरोल की शर्तों का उल्लंघन कर विगत 05 वर्षों से फरार चल रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरस्वती नगर पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से जानकारी एकत्र की जा रही थी।
9.07.2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी बसना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल रवाना होकर घेराबंदी की गई तथा आरोपी सोहेल उर्फ जिमी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।





