छत्तीसगढ़

चोरी की बाइक बेचने पहुंचा युवक पकड़ा गया, रायपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Nov 2025 12:13 AM IST
चोरी की बाइक बेचने पहुंचा युवक पकड़ा गया, रायपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर-दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2025 को बजरंगपुर निवासी देवक राम साहू (39 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुरानी पैशन प्रो बाइक (क्रमांक CG04 KC 6005) 13 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से 10:30 बजे के बीच डोंगीतराई मोड़ के पास से चोरी हो गई है। बाइक की अनुमानित कीमत करीब ₹10,000 बताई गई थी।

रिपोर्ट दर्ज करने के बाद थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 407/2025 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नवापारा बस स्टैंड के पास संदिग्ध रूप से पुरानी बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम ताराचंद यादव पिता प्रेम यादव (28 वर्ष) निवासी ग्राम सिंधौरीखुर्द, थाना कुरुद, जिला धमतरी बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 13 अक्टूबर की सुबह लगभग 9:30 बजे डोंगीतराई मोड़ के पास से बाइक चोरी की थी और उसे अपने घर सिंधौरीखुर्द में छिपाकर रखा था।

आरोपी के बताने पर पुलिस टीम ने मौके पर जाकर चोरी गई पैशन प्रो बाइक (CG04 KC 6005) को बरामद किया। बाइक को समक्ष गवाहान के जप्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध सिद्ध होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में रिमांड पर रायपुर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। थाना प्रभारी गोबरा नवापारा ने बताया कि मुखबिर तंत्र की सक्रियता और टीम की तत्परता के कारण चोरी की बाइक की बरामदगी संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि रायपुर पुलिस द्वारा वाहन चोरी पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story