छत्तीसगढ़

रायपुर न्यूज़: सराफा दुकान का शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर, 25 लाख के जेवर ले उड़े

Nilmani Pal
19 Dec 2021 3:53 AM GMT
रायपुर न्यूज़: सराफा दुकान का शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर, 25 लाख के जेवर ले उड़े
x
पढ़े पूरी खबर

रायपुर: गुढ़ियारी में नवकार ज्वेलर्स बड़ी चोरी के ढाई महीने बाद चोरों ने फिर सराफा दुकान को निशाना बनाया है। शुक्रवार-शनिवार की रात पंडरी स्थित कृष्णा ज्वेलर्स का शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर 25 लाख के सोने-चांदी के जेवर चुराकर ले गए। चोरों ने लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। रैक और काउंटर में जितने जेवर रखे थे पूरा समेटकर ले गए। दुकान के ठीक बाजू में कांप्लेक्स मालिक परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर के एक सदस्य ने खटपट की आवाज सुनी थी। उन्हें लगा बाजे में बन रहे मकान की ईंट गिरी होगी।

उसके बाद वे सो गए। चोरी का पता सुबह चला। दुकान के भीतर सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसमें दो नकाबपोश चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को शक है चोरी के पहले रेकी की गई। उसके बाद प्लानिंग के साथ सेंधमारी की गई। देवेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि पंडरी मंडी गेट के पास जंघेल कांप्लेक्स है। इस कांप्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर विजय ओझा की ज्वेलरी की दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार रात 10 बजे उन्होंने दुकान बंद की। दुकान के भीतर दो कैमरे लगे हैं। सुबह 6 बजे कांप्लेक्स के मालिक ने अपना होटल खोला तब उनकी नजर सराफा दुकान के कांच के टूटे दरवाजे पर पड़ी। भीतर झांका तो देखा ज्वेलरी के खाली डिब्बे बिखरे हुए हैं। वे माजरा समझ गए। उन्होंने कारोबारी विजय को सूचना दी। कारोबारी हड़बड़ा गए। आनन-फानन में वे अपने परिजनों के साथ दुकान पहुंचे। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चोरी में 25 लाख के गहने पार होने का अनुमान है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांप्लेक्स के ठीक बाजू मकान का निर्माण चल रहा है। वहां पर बांस बंधा हुआ है। चोर उसी बांस के सहारे कांप्लेक्स की छत में आए हैं। सीढिय़ों के रास्ते से कांप्लेक्स के भीतर घुस गए। कृष्णा ज्वेलर्स के दो गेट हैं। एक सामने मेन रोड की ओर है और दूसरा हिस्सा दूसरा बगल में है, जो कांप्लेक्स के भीतर है। चोरों ने कांप्लेक्स के भीतर खुलने वाले शटर का ताला तोड़ा। शटर उठाने के बाद कांच का दरवाजा तोड़कर भीतर गए।
दुकान की रैक में चांदी और कुछ सोने के गहने थे। चोर पूरे जेवर ले गए। लॉकर के लॉक को तोड़ने के निशान हैं। पुलिस का मानना है कि चोरों ने लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। पुलिस को कांप्लेक्स के बाजू बन रहे निर्माणाधीन मकान में चोरों का जूता मिला है। एक गमछा भी जब्त किया गया है।
पुलिस को दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो नकाबपोश चोरों का फुटेज मिला है। दुकान के भीतर जाते ही चोरों ने कैमरे की दिशा बदलकर छत की ओर कर दी। ताकि वे लोग कैमरे की रेंज में न आ सके। जेवर समेटकर चोर छत के रास्ते से निकल गए। पुलिस को शक है कि चोरों को कांप्लेक्स के बारे में पूरी जानकारी थी। छत की सीढ़ियां कहां है? कांप्लेक्स में क्या चीज कहां पर है? कैसे भीतर जाना हैं और कैसे भागना है? इन सबकी उन्होंने पहले ही रेकी कर ली थी।
गुढियारी नवकार ज्वेलर्स में 2 अक्टूबर की रात झारखंड और नेपाल के चोरों ने धावा बोला था। छत के रास्ते से चोर ज्वेलरी दुकान के भीतर गए और 50 लाख से ज्यादा के जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी में 11 लोग शामिल थे, जिसमें से गुढ़ियारी पुलिस अब तक केवल दो चोरों को ही गिरफ्तार कर पाई है। दो चोर झारखंड की जेल में बंद है। बाकी आरोपी फरार है। घटना के 20 दिन पहले सितंबर में सदरबाजार में नगीना जेम्स में चोरी हुई थी। चोरों ने पहले वहां नौकरी की, फिर जेवर लेकर फरार हो गए। नाम, पता और फुटेज होने के बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ नहीं पाई है।
कांप्लेक्स में दो कैमरे लगे हुए हैं लेकिन कई दिनों से बंद है। सुरक्षा के लिए कोई गार्ड भी नहीं है। हालांकि कांप्लेक्स के मालिक वहां परिवार के साथ रहते है। कांप्लेक्स में होटल, सराफा दुकान के अलावा अन्य दुकानें हैं। उसका रास्ता दुकान के भीतर से ही है। सामने हिस्से में शटर लगा रहता है।
Next Story