छत्तीसगढ़

रायपुर DRM दयानंद का तबादला, पृथुल कुमार को मिली कमान

Shantanu Roy
27 Nov 2026 10:09 PM IST
रायपुर DRM दयानंद का तबादला, पृथुल कुमार को मिली कमान
x
छग
Raipur. रायपुर। रेलवे बोर्ड ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) के रायपुर रेल मंडल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। रायपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दयानंद का तबादला कर दिया गया है। फिलहाल उनकी नई पदस्थापना की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, 2000 बैच के आईआरटीएस अधिकारी पृथुल कुमार को रायपुर का नया मंडल रेल प्रबंधक नियुक्त किया गया है। वे अब तक प्रतिनियुक्ति पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश के बाद रायपुर रेल मंडल में नए DRM की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पृथुल कुमार के पास रेल प्रशासन और मंत्रालय स्तर पर काम करने का अनुभव है। खास बात यह है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रभार में है।

निरीक्षण से लौटने के बाद मिला तबादले का आदेश
मिली जानकारी के अनुसार, DRM दयानंद शुक्रवार को दल्लीराजहरा रेल खंड के निरीक्षण पर गए थे। निरीक्षण पूरा कर लौटने के बाद उन्हें रेलवे बोर्ड की ओर से तबादले का आदेश मिला। दयानंद की रायपुर में नियुक्ति 30 दिसंबर 2024 को हुई थी। उन्होंने 1 जनवरी को मंडल रेल प्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इस तरह उन्होंने रायपुर रेल मंडल में करीब 23 महीने तक अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल के बाद अब पृथुल कुमार रायपुर रेल मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, दयानंद को फिलहाल कहां पदस्थ किया जाएगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कई रेल मंडलों में भी प्रशासनिक फेरबदल
रेलवे बोर्ड ने केवल रायपुर ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य रेल मंडलों में भी नए मंडल रेल प्रबंधकों की नियुक्तियां की हैं। इस फेरबदल में नागपुर, संबलपुर, प्रयागराज, लखनऊ, जम्मू, मुंबई, पुणे, भुसावल, रतलाम, जबलपुर, वाराणसी, गुवाहाटी, विशाखापत्तनम और चेन्नई सहित कई मंडल शामिल हैं। जारी सूची के अनुसार नागपुर मंडल में अमिता शुक्ला, संबलपुर में अमित कुमार जैन, प्रयागराज में नितिन बंसल और लखनऊ मंडल में अमनदीप कपूर को जिम्मेदारी दी गई है। जम्मू मंडल में अक्षय कुमार मरनरू तथा मुंबई के सीएसएमटी मंडल में दीपक नारायण काटे की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा पुणे में हर्षा दास, भुसावल में मनीषा चटर्जी, उज्जैन में समीर शंकर, रतलाम में यशवंत कुमार चौधरी और जबलपुर में गुनींदर सिंह नरंग को नई जिम्मेदारी मिली है।

इज्जतनगर में दिलीप कुमार श्रीवास्तव, वाराणसी में राजेश तिवारी, लुमडिंग में प्रशांत कुमार, विशाखापत्तनम में अमृत श्रीवास्तव और सियालदह में मनोज कुमार गंगैया की नियुक्ति की गई है। वहीं, सलेम में देवेंद्र कुमार चौधरी, बांद्रा टर्मिनस में सुधीर कुमार सरवरिया, कोटा में पवनप्रिया राजू, गुंतकल में योगेंद्र बघेल और तिरुचिरापल्ली में शरद शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नांदेड़ में मनीष चंद्र, विजयवाड़ा में भास्कर चोरडिया, धनबाद में सुबिन कुमार, कटिहार में शिखा श्रीवास्तव और अजमेर में वीणा कुमारी वर्मा को नई नियुक्ति मिली है। इसके अलावा मैसूर, खुर्दा रोड, सूरत और डीडीयू मंडल में भी बदलाव किए गए हैं। रेलवे बोर्ड के इस फैसले से देश के कई रेल मंडलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है। अब रायपुर रेल मंडल की कमान पृथुल कुमार संभालेंगे।
Next Story