छत्तीसगढ़
रायपुर कमिश्नर संजीव शुक्ला के सख्त तेवर, तस्करों में हड़कंप
jantaserishta.com
19 Nov 2026 11:22 AM IST

x
2026 में पिछले तीन सालों के तस्करों के ठिकाने को किया तहस-नहस, मादकपदार्थों पर लगाया अंकुश
कमिश्नरेट क्षेत्र में कमिश्नर शुक्ला ने बाहर से आने वाले डंपिग गांजा औऱ सप्लाई पर की ताबड़तोड़ कार्र्वाई
गली-मोहल्लों में गांजा पुड़िया बेचने वालों की कुंडली की जा रही तैयार
रायपुर । राजधानी में कमिश्नरेट लागू होने के साथ प्रथम पुलिस कमिश्नरेट संजीव शुक्ला ने चार्ज लेते ही सबसे पहले रायपुर में गली-गली मोहल्ले में उड़ते गांजे के धुंए पर नियंत्रण की रणनीति बनाई कर जो कार्रवाई की सशक्त पुलिसिंग का बढ़िया उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में गांजा पर अंकुश लगाने की योजना बनाया जिसमें पुलिस के पाइंटरों और मुखिबरों की मदद से राजधानी में गांजा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ा गया। जिसके फलस्वरूप यदा-कदा ही गांजा तस्करी के मामले सामने आ रहे है। उन पर भी जल्द अंकुश लगाने के लिए अंतरराज्जीय पुलिसिंग की बैठक में रणनीति तय हो गई है जिस पर जल्द ही क्रियान्वयन होने जा रही है। कमिश्नर प्रणाली लागू होने और नए कमिश्नर संजीव शुक्ला के कार्यभार संभालने के बाद से जिले में गांजा और नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और क्राइम ब्रांच (ACCU) की संयुक्त टीमों ने ओडिशा और अन्य राज्यों से जुड़े अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर लगातार दबिश दी है।
रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंडरी इलाके में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में कुल 11.400 किलोग्राम गांजा, दो फोन और कैश जब्त किया है।
कमिश्नरेट के आदेश से गांजा तस्करों के ठिकाने पर लगातार कार्रवाई से तस्करों के आकाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पहली कार्रवाई कांपा रेलवे फाटक के पास की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष गुप्ता (21) बताया। उसके कब्जे से एक बैग में रखा 7.330 किलोग्राम गांजा, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 120 रुपए नकद बरामद किए गए।
आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मंगलपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में दादरा और नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र में रह रहा था।
वहीं दूसरी कार्रवाई कांपा मालधक्का के पास की गई। यहां पुलिस ने वासुदेव जगताप (26) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 4.070 किलोग्राम गांजा और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद हुआ। वासुदेव दादरा और नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र का निवासी है।
इस दोनों मामलों में थाना पंडरी में अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। मनीष गुप्ता और वासुदेव जगताप के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि कमिश्नरेट क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा से कार में गांजा लेकर दुर्ग जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 21.964 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 10.98 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने गांजा और कार समेत कुल 13.48 लाख रुपए का माल जब्त किया है। यह मामला माना कैंप थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार से ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही माना कैंप पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने अल्टो कार CG 04 NN 6018 को रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। कुछ दूर जाने के बाद कार अन्य वाहन और हाट बाजार के पास डिवाइडर से टकराकर रुक गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजेंद्र यादव, निवासी पिथौरा, महासमुंद बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में रखे दो सफेद-पीले रंग के बैग मिले। बैग के अंदर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए 11 पैकेट गांजा छिपाकर रखे थे। वजन करने पर गांजा 21.964 किलो निकला।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग में बिक्री के लिए ले जाने की बात बताई। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अब पुलिस आरोपी से गांजा के स्रोत और दुर्ग में इसकी सप्लाई लेने वाले लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गांजे की नशे में मदहोश करने का था प्लान? 191 किलो गांजा के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
ओडिशा से नागपुर गांजा की बड़ी खेप लेकर जा रहे मोहम्मद लाल और उसके बेटे मोहम्मद रुस्तम को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने छह चक्का ट्रक में लोड भारी मशीनरी के नीचे सात बोरियों में 191.525 किलोग्राम गांजा छिपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये कीमत का गांजा, तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और उसमें लदी हैवी मशीनरी जब्त की है। कमिश्नरेट रायपुर में अब तक पकड़ी गई यह गांजा की सबसे बड़ी खेप बताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहम्मद लाल मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में परिवार के साथ रहता है। उसका 19 वर्षीय बेटा मोहम्मद रुस्तम भी इस तस्करी में शामिल था। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर पहुंचाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस पिछले करीब एक महीने से इस नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और तस्करों के आवाजाही के रूट पर लगातार नजर रखने के बाद पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि ओडिशा से एक ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा रायपुर होते हुए नागपुर ले जाया जा रहा है।
अग्रसेन धाम के पास घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक
सूचना मिलते ही पुलिस ने लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड पर नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद पश्चिम बंगाल नंबर WB-23-G-1390 का छह चक्का अशोक लीलैंड ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को रोककर चालक और उसके साथ बैठे युवक से पूछताछ की। दोनों ने अपना नाम मोहम्मद लाल और मोहम्मद रुस्तम बताया तथा रिश्ते में पिता-पुत्र होना स्वीकार किया।
हैवी मशीनरी के बीच छिपाई थी सात बोरियां
पहली नजर में ट्रक में सिर्फ भारी मशीनरी लोड दिखाई दी। पुलिस को भी शुरुआत में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन टीम ने बारीकी से तलाशी जारी रखी। जांच के दौरान मशीनों के नीचे और उनके बीच छिपाकर रखी गई सात बोरियां बरामद हुईं। जब बोरियां खोली गईं तो उनमें अलग-अलग पैकेटों में भरा 191.525 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन साक्ष्यों के सामने उनकी एक नहीं चली।
ट्रांसपोर्ट का कारोबार की आड़ में तस्करी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहम्मद लाल करीब 25 वर्षों से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है। वह कोलकाता से विभिन्न प्रकार का सामान लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़ होते हुए मुंबई तक परिवहन करता था। पुलिस को आशंका है कि ट्रांसपोर्ट कारोबार की आड़ में लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही थी। इस बार भी ट्रक में लदी भारी मशीनरी का इस्तेमाल गांजा छिपाने के लिए किया गया था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
पूरे नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। ओडिशा से गांजा उपलब्ध कराने वाले सप्लायर, रास्ते में सहयोग करने वाले लोगों और नागपुर में खेप लेने वाले तस्करों की पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी होने की संभावना है।
रायपुर पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन मामलों में गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम सहित पांच करोड़ रुपये से अधिक कीमत का मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त किया जा चुका है। इस ताजा कार्रवाई को प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।
अंतरराज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़
रायपुर में गांजा तस्करी के बढ़ते मामलों के कारण इसे अक्सर तस्करों का ट्रांजिट कॉरिडोर (आवाजाही का मुख्य मार्ग) माना जाता है, लेकिन पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की लगातार सख्ती के चलते यह उनके लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं रह गया है। हाल के महीनों में रायपुर पुलिस और नारकोटिक्स टीमों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए कई अंतरराज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस की हालिया कार्रवाई और गिरफ्तारियां मुख्य रूप से इन क्षेत्रों में केंद्रित रही हैं:
तेलीबांधा और रिंग रोड. सुभाष नगर देवारपारा और रिंग रोड नंबर 1 के आसपास पुलिस ने लगातार निगरानी बढ़ाई है।
गंज और कोतवाली क्षेत्र. रेलवे स्टेशन के नजदीक होने के कारण गंज थाना (तेलघानी नाका) और कोतवाली क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
टिकरापारा और डीडी नगर. इन इलाकों में भी पुलिस ने छापेमारी कर कई स्थानीय और बाहरी तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा है।
Tagsरायपुर कमिश्नर संजीव शुक्लारायपुर पुलिसगांजा तस्करीगांजाRaipur Commissioner Sanjeev ShuklaRaipur Policecannabis traffickingcannabis
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





