छत्तीसगढ़

Raipur Breaking: मिनी बस में युवती से छेड़छाड़, चालक के खिलाफ FIR दर्ज

Shantanu Roy
28 Nov 2026 5:00 PM IST
Raipur Breaking: मिनी बस में युवती से छेड़छाड़, चालक के खिलाफ FIR दर्ज
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में काम से घर लौट रही एक 23 वर्षीय युवती के साथ मिनी बस चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोककर युवती को नाश्ता देने के बहाने बस के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद उसने युवती के सामने दोस्ती का प्रस्ताव रखा और इनकार करने पर उसके साथ जबरदस्ती करते हुए छेड़छाड़ की। युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को आरोपी के चंगुल से बाहर निकाला और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने मिनी बस चालक दिलहरण पाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय युवती राजधानी की एक निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। वह रोजाना अपने कार्यस्थल पर आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती थी। हालांकि, 21 नवंबर से उसने काम खत्म होने के बाद घर लौटने के लिए मिनी बस चालक दिलहरण पाल की बस में सफर करना शुरू किया था। शिकायत के मुताबिक, घटना 26 नवंबर की शाम करीब 7 बजकर 45 मिनट की है। युवती रोजाना की तरह अपना काम खत्म करने के बाद फाफाडीह से मिनी बस में सवार होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान चालक दिलहरण पाल ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोक दी। उसने युवती से पांच मिनट में भजिया और नाश्ता लेकर आने की बात कही और बस से नीचे उतर गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद चालक नाश्ता लेकर वापस लौटा और उसने बस के सभी दरवाजे तथा खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद उसने युवती को भजिया और पानी दिया। इसी दौरान चालक ने युवती से व्यक्तिगत बातें शुरू करते हुए उसके सामने दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा। पीड़िता के अनुसार, चालक ने कहा कि उसकी पत्नी उसके साथ घूमने नहीं जाती है, इसलिए वह उसकी दोस्त बन जाए। इतना ही नहीं, उसने युवती से यह भी कहा कि जब बस में अन्य यात्री मौजूद रहें तो वह उसे भैया कहकर पुकारे। युवती ने चालक के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। चालक द्वारा पीछे की सीट पर जाने के लिए कहने पर भी युवती ने साफ इनकार कर दिया।
आरोप है कि युवती के विरोध करने के बाद चालक ने उसके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। उसने युवती के हाथ, बांह और कमर पकड़कर अपनी ओर खींचा तथा उसकी सहमति के बिना उसे चूम लिया। चालक की इस हरकत से युवती घबरा गई और किसी तरह वहां से सुरक्षित निकलने का प्रयास करने लगी। परिस्थिति को देखते हुए युवती ने हिम्मत और सूझबूझ से काम लिया। उसने खुद को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चालक से कहा कि वह अगले दिन उससे मिलकर दोस्ती के प्रस्ताव के बारे में सोचेगी। इसके बाद जैसे ही उसे बस से उतरने का मौका मिला, वह तत्काल वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गई।
घर पहुंचने के बाद युवती ने अपनी मां और भाइयों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना के बारे में पता चलने पर परिजन युवती को लेकर खमतराई थाने पहुंचे। यहां पीड़िता ने मिनी बस चालक दिलहरण पाल के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। खमतराई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत में युवती ने बस रोकने, दरवाजे और खिड़कियां बंद करने, दोस्ती का प्रस्ताव रखने तथा विरोध करने पर जबरदस्ती छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। फिलहाल आरोपी चालक की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी सामने नहीं आई है।
Next Story