छत्तीसगढ़

Raipur Breaking: टिकरापारा में चाकूबाजी, दानिश हुसैन घायल

Shantanu Roy
4 Jun 2026 4:43 PM IST
Raipur Breaking: टिकरापारा में चाकूबाजी, दानिश हुसैन घायल
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में स्थित टिकरापारा थाना क्षेत्र के चिश्तिया नगर इलाके में देर रात एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिसमें एक युवक पर 8 से 9 लोगों के समूह ने जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, हमलावर अचानक पहुंचे और परिवार पर हमला करने की कोशिश की, जिसमें दानिश हुसैन, उसकी मां, बड़ी मां और बहन को निशाना बनाया गया। हालांकि परिजनों के अनुसार बाकी सदस्यों को चोट नहीं लगी, लेकिन दानिश हुसैन के पीठ पर चाकू से गंभीर चोट आई है।

घटना सरजूबांधा तालाब और संजय नगर इलाके के पास हुई बताई जा रही है। बताया गया है कि हमलावरों ने पहले परिवार के अन्य सदस्यों को मारने की कोशिश की, लेकिन उस दौरान दानिश पर हमला कर दिया गया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दानिश को तुरंत मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे और उन्होंने हत्या की नीयत से हमला किया। परिवार का कहना है कि हमलावर दानिश के बड़े भाई को निशाना बनाकर आए थे, लेकिन बीच-बचाव के दौरान दानिश पर हमला हो गया।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों की पहचान और उनकी संख्या की पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना अचानक हुई और हमलावर तेज धार हथियारों के साथ आए थे। इस हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
Next Story