छत्तीसगढ़

रायपुर ATS ने गांजे के तस्करों को किया गिरफ्तार

Shantanu Roy
20 Jun 2025 7:52 PM IST
रायपुर ATS ने गांजे के तस्करों को किया गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलघानी नाका चौक, मालधक्का रोड के पास से 23 किलो 110 ग्राम गांजा के साथ चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये आंकी गई है। यह संयुक्त कार्रवाई एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और थाना गंज पुलिस की टीम द्वारा अंजाम दी गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 160/25, धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत, सूचना संकलन और मुखबिरी के जरिए इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। दिनांक 19 जून 2025 को थाना गंज को सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक और दो युवतियाँ अपने बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर मालधक्का रोड के पास खड़े हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर
दबिश
दी और चारों आरोपियों को चिन्हांकित कर पकड़ा। तलाशी लेने पर 23 पैकेट गांजा बरामद किया गया।


गिरफ्तार आरोपी:
श्याम तांडी (35 वर्ष), निवासी स्टेशन चौक कुम्हारी, उड़िया बस्ती, जिला दुर्ग
शिवा बघेल (35 वर्ष), निवासी कोटा स्टेडियम के पास, थाना सरस्वती नगर, रायपुर
निशा बग्गा (26 वर्ष) और ईशा बग्गा (21 वर्ष), दोनों निवासी भिलाई तीन, मस्जिद के पीछे, जिला दुर्ग

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक स्कूटी एक्सेस (जिसका अनुमानित मूल्य ₹4.48 लाख) भी जब्त की है। इस कार्रवाई में एटीएस टीम और थाना गंज से उप निरीक्षक अनिल साहू, प्रधान आरक्षक राजेश निषाद, महिला प्रधान आरक्षक दुर्गा बघेल चौधरी, आरक्षक जितेश माझी, अशोक राठौर, शुभम शर्मा एवं महिला आरक्षक उत्तर वर्मा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूरी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के खिलाफ अभियान में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
Next Story