छत्तीसगढ़

रायपुर एयरपोर्ट बनेगा और हाईटेक, हर घंटे 35 विमानों की होगी आवाजाही; नए डायरेक्टर पेश किया रोडमैप

Shubhra Nandy
26 Nov 2026 6:32 AM IST
रायपुर एयरपोर्ट बनेगा और हाईटेक, हर घंटे 35 विमानों की होगी आवाजाही; नए डायरेक्टर पेश किया रोडमैप
x
घने कोहरे में भी उतर सकेंगे विमान
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आने वाले समय में यात्रियों को कई नई सुविधाएं मिलने वाली हैं। एयरपोर्ट की विमान परिचालन क्षमता करीब तीन गुना बढ़ाने के साथ यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने बुधवार को अपनी पहली पत्रकार वार्ता में एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण का खाका पेश किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बढ़ती हवाई यातायात की मांग को देखते हुए एयरपोर्ट के विभिन्न हिस्सों की क्षमता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मोहम्मद आरिफ ने बताया कि वर्तमान में रायपुर एयरपोर्ट के एकमात्र रनवे से प्रति घंटे 12 विमानों की आवाजाही संभव है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की प्रस्तावित विकास परियोजना के तहत पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और अतिरिक्त एप्रन विकसित किए जाएंगे। इन सुविधाओं के विकसित होने से विमानों को लैंडिंग के बाद रनवे खाली करने और उड़ान भरने के लिए रनवे तक पहुंचने में कम समय लगेगा। पहले चरण में प्रति घंटे 24 और दूसरे चरण में करीब 35 विमानों की आवाजाही संभव हो सकेगी।
सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण विमान परिचालन में आने वाली परेशानियों को कम करने के लिए भी विशेष तैयारी की जा रही है। रायपुर एयरपोर्ट पर कैटेगरी-टू (CAT-II) अप्रोच सिस्टम लागू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वर्तमान व्यवस्था में विमान की लैंडिंग के लिए रनवे पर न्यूनतम 550 मीटर दृश्यता आवश्यक होती है। नई तकनीकी व्यवस्था प्रभावी होने के बाद मात्र 300 मीटर दृश्यता में भी निर्धारित परिचालन शर्तों के तहत विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी। इसके लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है।

सुरक्षा व्यवस्था भी होगी मजबूत

एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि काउंटर टेररिज्म कंटिंजेंसी प्लान (CTCP) को नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) से मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद एयरपोर्ट प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र वाले सिटी साइड में भी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इससे एयरपोर्ट के बाहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के साथ वाहन चालकों के बीच होने वाले विवादों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन आठ हजार से साढ़े नौ हजार यात्रियों की आवाजाही हो रही है। वहीं, प्रतिदिन 60 से 68 विमानों का परिचालन किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब 25 लाख यात्रियों ने रायपुर एयरपोर्ट से यात्रा की थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यात्रियों की संख्या बढ़कर 27 लाख से अधिक हो गई। वर्तमान टर्मिनल की वार्षिक क्षमता 32 लाख यात्रियों की है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यह क्षमता अगले दो से तीन वर्षों की मांग पूरी करने में सक्षम होगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा सेवा, 15 चेक-इन काउंटर और चौथी एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा चौथे एयरोब्रिज को भी जल्द चालू करने की तैयारी है। विमानों की पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए निर्धारित पार्किंग स्टैंड की संख्या नौ से बढ़ाकर 13 कर दी गई है।

लैंडिंग से पार्किंग तक होंगे बड़े बदलाव

एयरपोर्ट के बाहर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए टर्मिनल के सामने सात-सात मीटर चौड़ी दो अतिरिक्त लेन विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही निकासी मार्ग पर वर्तमान दो लेन की जगह चार लेन उपलब्ध कराने की तैयारी है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए 110 मीटर लंबा और 21 मीटर चौड़ा कैनोपी बनाया जाएगा। लेन निर्माण का कार्य जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि कैनोपी का निर्माण मार्च-अप्रैल तक पूरा करने की योजना है।
टर्मिनल के भीतर शौचालयों का भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन यात्री सुविधाओं के साथ-साथ टर्मिनल के बाहर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दे रहा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने राज्य एवं जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से वीआईपी आगमन के दौरान सरकारी वाहनों को टर्मिनल के सामने लंबे समय तक खड़ा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने प्रोटोकॉल अधिकारियों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और अतिथियों के आगमन से पांच से दस मिनट पहले ही वाहनों को टर्मिनल के सामने लाने की सलाह दी। इससे आम यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने में मदद मिलेगी।
रायपुर एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार से विमान परिचालन क्षमता बढ़ने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट प्रबंधन बढ़ती यात्री संख्या और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।
Next Story