छत्तीसगढ़
रेलवे टिकट दलाल गिरोह का खुलासा, 3.68 लाख के आरक्षित टिकट बरामद
Shantanu Roy
19 Aug 2026 3:53 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय रेलवे टिकट दलाल गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में आरपीएफ ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में रेलवे के आरक्षित टिकट और यात्रियों से जुड़ी जानकारी मिली है। बरामद टिकटों और पीएनआर की कुल कीमत करीब 3.68 लाख रुपए बताई गई है। आरपीएफ की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कई राज्यों में फैला हुआ था। गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर स्थित सिटी पीआरएस से लेकर उत्तर प्रदेश के बनारस और भदोही तक जुड़ा हुआ था। आरपीएफ निरीक्षक अंबिकापुर सुनीता मिंज की जांच के दौरान इस पूरे अवैध नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच में पता चला कि रेलवे आरक्षण केंद्र से जुड़ा एक संविदा कर्मचारी अवैध तरीके से रेलवे के आरक्षित टिकट तैयार करता था। इसके बाद इन टिकटों को गिरोह के अन्य सदस्यों के माध्यम से बनारस भेजा जाता था। वहां मौजूद दलाल इन टिकटों को जरूरतमंद यात्रियों को निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, टिकटों को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने के लिए बस चालकों की मदद ली जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग लोगों की भूमिका तय थी। कोई टिकट बनाने का काम करता था, तो कोई उन्हें दूसरे स्थानों तक पहुंचाकर ग्राहकों तक पहुंचाता था।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें व्हाट्सएप चैट के माध्यम से रेलवे आरक्षित टिकटों की जानकारी मिली। मोबाइल में करीब 60 टिकटों से संबंधित रिकॉर्ड पाए गए। इन टिकटों की कीमत लगभग 3.68 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं, इनमें से 14 टिकटों पर पीएनआर नंबर और अन्य जरूरी जानकारी हाथ से लिखी हुई मिली। आरपीएफ ने इस मामले में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार (35) निवासी कोरिया, संजय विश्वकर्मा (48) निवासी भदोही उत्तर प्रदेश और रवि शंकर (38) निवासी सूरजपुर के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और रेलवे टिकटों की अवैध बिक्री का नेटवर्क कितने समय से चल रहा था। जांच एजेंसियां गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी कर रही हैं। आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे टिकटों की कालाबाजारी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को बेहतर सुविधा और टिकटों की पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Tagsबिलासपुर रेलवेRPF ActionRailway Ticket ScamTicket Dalal GangSECR BilaspurRailway Crime NewsReserved Ticket FraudRailway Act 143रेलवे टिकट दलालआरपीएफ कार्रवाईबिलासपुर मंडलदक्षिण पूर्व मध्य रेलवेFake Ticket NetworkPNR Ticket Fraudरेलवे आरक्षण घोटालाChhattisgarh Railway NewsRailway Reservation FraudTicket Black MarketingAvinash Kumar ArrestSanjay VishwakarmaRavi Shankarबैकुंठपुर PRSबनारस टिकट दलालीभदोही रेलवे गिरोहरेलवे सुरक्षा बलBilaspur RailwayTicket Tout GangRailway Ticket ToutBilaspur DivisionSouth East Central RailwayRailway Reservation ScamBaikunthpur PRSBanaras Ticket Tout NetworkBhadohi Railway GangRailway Protection Force
Next Story





