छत्तीसगढ़

रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग को भगा ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Nil dhankar
2 Aug 2026 4:23 PM IST
रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग को भगा ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार
x

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में महिला एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा हेतु संचालित “अभियान संवेदना” के अंतर्गत थाना कोतवाली पुलिस ने 16 वर्षीय बालिका को दस्तयाब कर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले 23 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर थाना कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध क्रमांक 408/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बालिका की तलाश के दौरान 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने बालिका को केलो डेम के पास आरोपी विनय केरकेट्टा (23 वर्ष) के साथ बरामद किया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी ने उसे विवाह का प्रलोभन देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ पत्थलगांव ले गया और अपने परिचितों के घर रखकर शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। बालिका के कथन एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गईं।

आरोपी से पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AG 0302 तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

आरोपी विनय केरकेट्टा, निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Next Story