
x
छत्तसीगढ़
Ambikapur अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र के कदनाई इलाके में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। कदनाई से लोटाभवना को जोड़ने वाली लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद टूटने और उखड़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि ठेकेदार और संबंधित सब इंजीनियर की मिलीभगत से मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण सड़क की डामर और गिट्टियां हाथ से ही निकलने लगीं। निर्माण पूरा होने के तुरंत बाद ही सड़क की परतें उखड़ने लगीं, जिससे सरकारी योजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर अजीत बसंत ने संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं प्रधानमंत्री सड़क योजना के मुख्य कार्यपालन अभियंता विकास कौशिक ने गुणवत्ता खराब पाए जाने पर सड़क को बुलडोजर से हटवाकर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Next Story





