छत्तीसगढ़
CISF कार्यालय गेट के सामने से चोरी हुई पल्सर, बाइक चोर गिरोह के दो युवक गिरफ्तार
jantaserishta.com
11 Nov 2026 1:09 PM IST

x
छत्तीसगढ़.
रायगढ़। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस को बाइक चोर गिरोह के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, उनका एक साथी फरार है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 16.10.2026 को प्रार्थी नीलम संजीव बेक, पिता मनोहर बेक, उम्र 37 वर्ष, निवासी मकरीबंधा, थाना तुमला, जिला जशपुर, वर्तमान पदस्थापना CISF इकाई NTPC तिलाईपाली, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 07.10.2026 की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा CISF कार्यालय गेट के सामने खड़ी उसकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 312/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा आरोपियों एवं चोरी गई मोटरसाइकिल की पतासाजी के लिए पुलिस टीम को सक्रिय मुखबिरों से जानकारी जुटाने और संदिग्धों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में मुखबिर से पुलिस को मिली सूचना पर दिनांक 10.11.2026 को पुलिस टीम ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों सुकसागर राठिया निवासी कोनपारा तथा देव पैंकरा निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को हिरासत में लिया। दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने की नीयत से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने करीब एक माह पहले CISF कार्यालय गेट के सामने से काले रंग की पल्सर तथा ग्राम ओंगना, धरमजयगढ़ से काला-सफेद रंग की एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना बताया।
आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी तथा इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया था। इतना ही नहीं, सफेद रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी पहचान बदल दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दोनों पल्सर मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये है, बरामद कर जप्त की हैं। मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास पाए जाने पर धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में (1) सुकसागर राठिया, पिता सुंदर राठिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोनपारा, थाना घरघोड़ा एवं (2) देव पैंकरा, पिता धोबा पैंकरा, उम्र 20 वर्ष, निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ शामिल हैं। प्रकरण में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को उससे पूछताछ में अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





