छत्तीसगढ़

संस्कार शिक्षकों को पूज्यपाद अशोक देवाचार्य महाराज का मार्गदर्शन

Nilmani Pal
3 Sept 2025 9:41 AM IST
संस्कार शिक्षकों को पूज्यपाद अशोक देवाचार्य महाराज का मार्गदर्शन
x

रायपुर। सर्वत्र शिक्षा समिति, संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा संचालित संस्कार पाठशाला के संस्कार शिक्षकों को आज संस्कार स्टेट कार्यालय रायपुर में प्रयागराज से पधारे, भारत सरकार द्वारा वेद विभूषण से सम्मानित कथा व्यास पूज्यपाद अशोक देवाचार्य महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।

महाराज ने अपने उद्बोधन में बताया कि विद्यालयों में बच्चों को संस्कार शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, अतिथि सत्कार तथा वेद मंत्रों का ज्ञान किस प्रकार से प्रभावी ढंग से दिया जा सकता है। उन्होंने संस्कार शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वेदों का प्रकाश नई पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर उन्होंने आगामी 14 सितंबर से 20 सितंबर तक पवित्र बद्रीनाथ धाम में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के लिए सभी संस्कार शिक्षकों को निमंत्रण प्रदान किया। इस आयोजन में संपूर्ण भारतवर्ष से पधारे संस्कार शिक्षकों के लिए निशुल्क भोजन एवं आवास व्यवस्था की जाएगी।

महाराज ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुकुल परंपरा आज विलुप्त होने की कगार पर है और युवा पीढ़ी दिशाहीन होती जा रही है। अंत में उन्होंने भारत सरकार एवं संस्कृति मंत्रालय का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने संस्कार शिक्षकों को इस पावन दायित्व से जोड़ा है।

Next Story
null