
रायपुर। प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय द्वारा सीएम हेल्पलाइन 1076 को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए इस हेल्पलाइन सेवा को 24×7 संचालित करने की तैयारी की है। टोल-फ्री नंबर 1076 के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिकायतों के पंजीयन, निगरानी और निपटारे की प्रक्रिया को देखा तथा अधिकारियों को पारदर्शी और तेज समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन पर आई कॉल को स्वयं रिसीव कर एक नागरिक की समस्या भी सुनी। सरकारी अधिकारियों के अनुसार यह प्रणाली सभी विभागों को जोड़कर शिकायतों के समाधान को और प्रभावी बनाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा।
सरकार की इस नई प्रणाली में हर शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग आसानी से की जा सकेगी। इससे शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी समाधान को सुनिश्चित किया जाएगा। नई व्यवस्था में यह भी प्रावधान किया गया है कि यदि किसी नागरिक को दिए गए समाधान से संतुष्टि नहीं होती है, तो वह अपनी शिकायत की पुनः समीक्षा की मांग कर सकता है। इससे सिस्टम में जवाबदेही और पारदर्शिता और मजबूत होगी। इसके साथ ही नागरिक अब राज्य के विकास से जुड़े सुझाव भी सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
सरकार का उद्देश्य जनता की भागीदारी को बढ़ाना और नीतिगत निर्णयों में जनमत को शामिल करना बताया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य जनसमस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। इसी दिशा में “CM Helpline – 1076” एक महत्वपूर्ण कदम है, जो शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी। अधिकारियों के अनुसार यह प्रणाली जनसेवा को अधिक सुलभ, जवाबदेह और प्रभावी बनाने में मदद करेगी। इससे विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर भी बेहतर निगरानी संभव हो सकेगी। सरकार का मानना है कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और डिजिटल माध्यम से त्वरित समाधान मिल सकेगा।
शिकायतों की 1200 से अधिक कैटिगिरी
यह नया शिकायत प्रबंधन सिस्टम छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी विभागों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ता है। इसमें नागरिकों की सहूलियत के लिए 1200 से ज्यादा शिकायत श्रेणियां बनाई गई हैं। ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक जवाबदेही तय करने के लिए करीब 8,000 प्रशासनिक अधिकारियों को इस नेटवर्क से सीधे जोड़ा गया है। इस पूरे सिस्टम की कमान स्थानीय युवाओं के हाथों में है, जिससे राज्य में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
डेटा एनालिसिस से सुधरेगा प्रशासनिक ढांचा
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल शिकायतों का निवारण करना ही काफी नहीं है, बल्कि एमआईएस डैशबोर्ड और डेटा एनालिसिस के जरिए यह समझा जाए कि किस विभाग में सबसे ज्यादा कमियां आ रही हैं। उन्होंने कहा, 'डेटा के आधार पर फैसले लेना ही अच्छे शासन (सुशासन) की पहचान है।' इस व्यवस्था से जनता और सरकार के बीच का फासला कम होगा और अधिकारियों की लापरवाही पर सीधे नकेल कसी जा सकेगी।
बिजली गुल से परेशान ग्रामीण ने सीएम हेल्पलाइन में किया कॉल, एक घंटे में मिली राहत
कोरबा शहर के पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू ने अपने क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत वोल्टेज (अप-डाउन) की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति में बार-बार उतार-चढ़ाव होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
साहू ने शाम लगभग 4 बजे मोबाइल फोन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मामले पर त्वरित कार्रवाई की। विद्युत विभाग की टीम ने 100 के.व्ही.ए. क्षमता के डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल की समस्या को ठीक कर समस्या का निराकरण किया। शिकायत दर्ज होने के लगभग एक घंटे के भीतर शाम 5 बजकर 09 मिनट पर विद्युत व्यवस्था सामान्य हो गई।
शिकायत दर्ज करने के एक घंटे के भीतर अपनी समस्या के त्वरित समाधान से संतुष्ट रामकुमार साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज करते समय उनकी समस्या को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे शासन की इस जनहितैषी व्यवस्था का अधिकाधिक उपयोग करें और अपनी समस्याओं, शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज कराएं। साहू ने नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।





