छत्तीसगढ़

प्रमोद दुबे की अगुवाई में जन जागरण अभियान का आगाज

Nilmani Pal
3 Dec 2021 12:49 PM GMT
प्रमोद दुबे की अगुवाई में जन जागरण अभियान का आगाज
x

रायपुर। सुबह की गुनगुनी ठंड के बीच जब शहर के सैकड़ों लोगों ने एक साथ नशे के खिलाफ अभियान में अपने को सहभागी बनाते हुए शपथ ली कि ..न नशा करेंगे और न दूसरों को करने देंगे..,खासकर स्काउट गाइड्स,एनसीसी,स्कूल-कालेज के बच्चों का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा था जब वे पूरे गणवेश में अपनी टीम के साथ मौजूद थे। नो व्हीकल डे को मिली अपार सफलता के बाद नगर निगम के सभापति एवं पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की अगुवाई में शुक्रवार को युद्ध नशे के विरूद्ध एक और जन जागरण अभियान शुरू किया गया। बूढ़ातालाब गार्डन में पद्मश्री अनुज शर्मा ने उपस्थित लोगों को इसकी शपथ दिलवाई। दुबे की पहल पर अर्पण कल्याण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन,विभिन्न समाज के धर्मगुरू,व्यापारिक,सामाजिक,खेल,व्यापार संगठन से जुड़े लोग शामिल रहे और सभी ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए अपने को हर कदम पर साथ रहने का भरोसा दिलाया। दुबे का आज जन्मदिन भी था,उपस्थित लोगों ने उन्हे शुभकामनाएं दी।

रायपुर शहर को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरण अभियान शुक्रवार को सुंदरनगर मुख्य द्वार से शुरू होकर बूढ़ातालाब के नए गार्डन में आकर समाप्त हुआ। यहां पर पद्मश्री अनुज शर्मा ने सभी को शपथ दिलवाई। रैली वाले मार्ग पर स्काउट गाइड्स व एनसीसी के बच्चे अपने गणवेश में कदमताल करते चल रहे थे। सुंदरनगर मुख्य द्वार पर कोपलवाणी के बच्चों ने पहले श्री दुबे को जन्मदिन की बधाई दी फिर नशे के विरूद्ध जब उन्होने अपनी प्रस्तुति दी लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। बूढ़ापारा नए गार्डन में महंत कालेज के बच्चों ने नशे खिलाफ नुक्कड़ नाटक किया। इस अवसर पर पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना हम सब की जिम्मेदारी है। शर्मा ने कहा कि प्रमोद दुबे द्वारा शुरू की गई यह जनजागरण अभियान समाज को एक नई दिशा प्रदान करेगी। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाएं। दुबे ने कहा कि नशामुक्त समाज से ही प्रदेश और देश की तरक्की संभव है।

जैसे कि मालूम हो शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने नो व्हीकल डे 3 दिसम्बर 2015 से श्री दुबे के नेतृत्व में ही शुरू हुई थी। अब दूसरे अभियान युद्ध नशे के विरुद्ध की आज शुरूआत हुई। इस आंदोलन में नशामुक्ति हेतु कार्यरत विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से हर महीने की 3 तारीख को रायपुर शहर को प्रदूषण मुक्त रखने के साथ नशा मुक्त रखने हेतु जागरूक किया जायेगा। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य इस वैश्विक महामारी के बीच अपने आपको स्वास्थय के प्रति जागरूकता, शहर को नशे से दूर रहने हेतु जागरूकता फैलाना एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व को समझने का संदेश देना है। इस अभियान को शारीरिक दूरी बनाये रखने व मास्क लगाये रखने जैसे कोविड गाइडलाइन्स का पालन करते हुये किया जायेगा।

Nilmani Pal

Nilmani Pal

    Next Story