छत्तीसगढ़

प्रोजेक्ट दक्ष: डिजिटल साक्षरता की दिशा में जिला प्रशासन का मजबूत कदम

Shantanu Roy
24 April 2026 9:59 PM IST
प्रोजेक्ट दक्ष: डिजिटल साक्षरता की दिशा में जिला प्रशासन का मजबूत कदम
x
छग
Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले में प्रोजेक्ट दक्ष का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अब तक प्रोजेक्ट दक्ष के अंतर्गत कुल 265 बैचों में 4500 से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग के 37 सहायक शिक्षक और प्रधान पाठकों ने भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शासकीय कार्यप्रणाली को डिजिटल रूप से अधिक सक्षम, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। इसके तहत कर्मचारियों को कंप्यूटर और मोबाइल के मूलभूत उपयोग, साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता, डिजिटल दस्तावेज प्रबंधन और ई-मेल जैसे आधुनिक डिजिटल टूल्स की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में बताया गया कि कैसे डिजिटल तकनीक का उपयोग कर सरकारी कामकाज को तेज और सरल बनाया जा सकता है। साथ ही फाइल प्रबंधन, ऑनलाइन संचार और सुरक्षित डेटा उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रोजेक्ट दक्ष के माध्यम से शासकीय कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता में लगातार वृद्धि हो रही है।

इससे ई-गवर्नेंस प्रणाली को मजबूती मिल रही है और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और गति में भी सुधार देखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल प्रशिक्षण से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ी है और कामकाज अधिक व्यवस्थित हुआ है। कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का यह प्रयास प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल डिजिटल इंडिया मिशन और सुशासन की अवधारणा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। शासन का उद्देश्य है कि सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारी डिजिटल तकनीक में दक्ष हों, जिससे सरकारी सेवाएं अधिक तेज, सरल और नागरिक केंद्रित बन सकें। प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी डिजिटल प्रणाली से जुड़कर कार्य क्षमता में सुधार कर सकें।
Next Story