छत्तीसगढ़

किसानों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से

Nil dhankar
4 Dec 2025 5:25 PM IST
किसानों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से
x

बलरामपुर। किसान हमेशा से अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहे हैं। खेतों में किया गया उनका कठिन परिश्रम न केवल अन्न पैदा करता है, बल्कि खाद्य सुरक्षा को भी मजबूत करता है। ऐसे में शासन द्वारा किसान हितैषी नीतियों के परिणाम स्वरूप किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था ने हजारों किसानों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। ग्राम पंचायत जवाहर नगर के किसान श्री बादल मलिक बताते हैं कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों ने उन्हें नई दिशा दी है। खेती के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।

धान की बिक्री हो गई आसान

बादल मलिक बलरामपुर- रामानुजगंज जिले के धान उपार्जन केंद्र बरदर पहुंचे, जहाँ उन्होंने 257 बोरी धान का विक्रय किया। उन्होंने धान बिक्री के लिए ऑनलाईन टोकन करवाया था। वे बताते हैं कि जैसे ही हम खरीदी केंद्र पहुंचे, तुरंत धान की तुलाई कर दी गई। न कोई भीड़, न कोई परेशानी हुई। इससे हमारा समय भी बचा और धान की बिक्री भी आसानी से हो गई।

धान की राशि से परिवार के लिए सुरक्षित आशियाना बनाएंगे

मलिक बताते है कि धान की बिक्री पश्चात प्राप्त राशि से वे अपने घर के निर्माण को पूरा करेंगे। पहले आर्थिक तंगी के कारण घर निर्माण का कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। लेकिन अब समर्थन मूल्य पर धान बेचकर मिलने वाली राशि के सहारे वे परिवार के लिए एक सुरक्षित और पूर्ण आशियाना तैयार कर पाएंगे। साथ ही उनके लिए घर की रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना अब पहले की तुलना में अधिक सरल हो गया है।

क्रेडिट कार्ड से खेती में मिल रही है मदद

मलिक के पास किसान क्रेडिट कार्ड भी है। इसके माध्यम से वे समय-समय पर आवश्यक कृषि ऋण लेकर खरपतवार दवाइयाँ, बीज, खाद और अन्य सुविधा का लाभ ले रहे हैं। वे कहते हैं कि किसान क्रेडिट कार्ड ने हमें खेती में काफी मदद की है। समय पर मिलने वाले ऋण से उत्पादन बढ़ा है और फसल भी बेहतर हो रही है।

खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल में रूचि

शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कारण किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के माध्यम से बादल जैसे अनेक किसानों के जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। किसान अब खेती में नए प्रयोग करने, आधुनिक तकनीक अपनाने और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में रुचि दिखा रहे हैं।

Next Story