भारत

चाकू गोदकर कैदी की हत्या, खाने को लेकर उपजा विवाद फिर खूनी खेल

Nilmani Pal
4 May 2024 1:35 AM GMT
चाकू गोदकर कैदी की हत्या, खाने को लेकर उपजा विवाद फिर खूनी खेल
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। एशिया की सबसे सुरक्षित जेल कहलाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल की सुरक्षा में एक बार फिर सेंध लग गई है। जेल नंबर-3 में शुक्रवार को दो कैदियों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान अफगान मूल के नागरिक ने विचाराधीन कैदी को चाकू से गोद डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस 29 वर्षीय घायल दीपक को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच के लिए स्थानीय मजिस्ट्रेट को सूचना दी। मजिस्ट्रेट ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि मृतक 29 वर्षीय दीपक अपने परिवार के साथ शकूरपुर में रहता था। दीपक को पश्चिम विहार थाना पुलिस ने 2018 में लूट और हत्या के केस में गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दीपक की हत्या करने वाला 44 वर्षीय अब्दुल बशीर अखोंदजादा ई-104, लाजपत नगर में रहता है। अब्दुल मूल रूप से अफगानिस्तान का रहने वाला है। अब्दुल को लाजपत नगर थाना पुलिस ने मार्च 2019 में आईपीसी की धारा 307 के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया था। अब्दुल और दीपक को जेल नंबर-3 में रखा गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब्दुल और दीपक के बीच शुक्रवार सुबह ही खाना खाने को लेकर झगड़ा हुआ था। उस समय जेल नंबर-3 में मौजूद अन्य कैदियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया, जिसके बाद दोनों सेल में चले गए। दोपहर करीब 12.30 बजे अब्दुल ने दीपक पर हमला कर दिया। अब्दुल ने स्टील के बर्तन को नुकीला कर चाकू बनाया हुआ था, इसी चाकू से उसने दीपक के सीने पर हमला किया। नुकीला हिस्सा उसके दिल के पास लगा, जिससे वह बेसुध हो गया।

तिहाड़ प्रशासन का कहना है कि विचाराधीन कैदी पर हमले की सूचना पर क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंच गई। क्यूआरटी टीम ने दीपक को मेडिकल सहायता दी और उसे डीडीयू अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तिहाड़ जेल में कैदी की मौत के बाद जेल में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Next Story