छत्तीसगढ़

केंद्रीय जेल रायपुर में कैदी ने की ख़ुदकुशी, फंदे पर लटका मिला शव

Shantanu Roy
9 Aug 2022 2:25 PM GMT
केंद्रीय जेल रायपुर में कैदी ने की ख़ुदकुशी, फंदे पर लटका मिला शव
x
मामले की जांच जारी
रायपुर। हत्या के प्रयास में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद दंडित कैदी ने मंगलवार की सुबह जेल अस्पताल के गेट में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक महेंद्र जायसवाल बलौदाबाजार जिले का रहने वाला था। जेल प्रशासन का कहना है कि उसकी मानसिक दशा ठीक नहीं थी। जेल प्रबंधन की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जेल प्रबंधन भी जांच कर रहा है। जांच के बाद लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। जेल प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या के प्रयास के आरोप में महेंद्र जायसवाल (30) को वर्ष 2018 में बलौदाबाजार से सेंट्रल जेल रायपुर में दाखिल किया गया था।
वह 14 वर्ष की सजा काट रहा था। जेल अधिकारियों के अनुसार पिछले कई दिनों से महेंद्र मानसिक रूप से बीमार था। उसका इलाज जेल के अस्पताल में करवाया जा रहा था। सुबह लगभग पांच बजे महेंद्र ने अस्पताल के गेट में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल प्रहरी सुबह के फेरे में पहुंचे, तब घटना के बारे में पता चला। इसके बाद जेल के वरिष्ठ अधिकारियों, गंज पुलिस और मजिस्ट्रेट को सूचना दी गई। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव नीचे उतारा गया। शव का पीएम कराया गया है। पुलिस और जेल प्रशासन अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहा है।
Next Story