छत्तीसगढ़

परीक्षाओं में बच्चों के बेहतर प्रदर्शन करने में प्राचार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका: कलेक्टर अमित

Shantanu Roy
20 Jan 2026 12:35 AM IST
परीक्षाओं में बच्चों के बेहतर प्रदर्शन करने में प्राचार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका: कलेक्टर अमित
x
छग
Sukma. सुकमा। कलेक्टर अमित कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में जिले का शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में प्राचार्यों की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने सभी प्राचार्यों को छात्र-शैक्षणिक प्रबंधन में अधिक सक्रिय, जिम्मेदार और योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एपीसी तथा विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे। बैठक में पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम, इस वर्ष की त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रदर्शन, तथा एमएलएन असेस्मेंट की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। साथ ही आपार आईडी निर्माण, बैगलेस स्कूल डे के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।

कलेक्टर कुमार ने निर्देश दिए कि जिन विद्यार्थियों का शैक्षणिक प्रदर्शन कमजोर है, उनका व्यक्तिगत रूप से चिन्हांकन किया जाए और उनके लिए विशेष शैक्षणिक योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राचार्य को अपने विद्यालय के कमजोर विद्यार्थियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। ऐसे बच्चों के लिए विषयवार ग्रुप बनाकर नियमित चर्चा सत्र आयोजित किए जाएं। जिसमें एक्स्ट्रा क्लास, लेखन (राइटिंग) क्लास शामिल हो। कलेक्टर कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना प्राचार्यों की सीधी जिम्मेदारी है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन को अभिभावकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के घर जाकर संपर्क किया जाए और अभिभावकों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने पोटाकेबिन एवं आश्रम छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के परिणाम को भी शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि कोताही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस स्कूल के बच्चे 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर, जिला स्तर तथा प्राचार्य को अपने विद्यालय स्तर पर शत-प्रतिशत परिणाम देंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इससे विद्यालयों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में आपार आईडी की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और इसे प्राथमिकता के साथ शेष बच्चों की शीघ्र ही अपार आईडी बनाने करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैगलेस स्कूल डे के अंतर्गत विद्यालयों में मयाद नोनी कार्यक्रम, नागरिक चेतना, जल संरक्षण, जैव विविधता, ऊर्जा संरक्षण, आजीविका विकास, आपातकालीन तैयारी, बैंकिंग व वित्तीय साक्षरता सुरक्षित यात्रा व यातायात नियम विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
Next Story