छत्तीसगढ़

हॉस्टल में प्रिंसिपल ने छात्र को पीटा, गिरफ्तार

Nilmani Pal
24 Sept 2022 5:40 PM IST
हॉस्टल में प्रिंसिपल ने छात्र को पीटा, गिरफ्तार
x
छग

बिलासपुर। बिलासपुर में 11वीं कक्षा के छात्र की पिटाई करने वाले प्रिंसिपल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्टूडेंट रात में दोस्तों के साथ हॉस्टल में जन्मदिन मनाने के बाद अपने कमरे में पढ़ रहा था। तभी दरवाजा खटखटाने के नाम पर प्रिसिंपल ने उसे कमरे से निकाल कर स्टम्प से जमकर पिटाई कर दी। उसे इतना मारा कि स्टम्प भी टूट गया। शनिवार को मामला सामने आने के बाद घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार सरकंडा के मोपका में प्रयास एकेडमी है, जहां स्कूल के साथ ही हॉस्टल भी संचालतित होता है। यहां पंडरिया का रहने वाला भूयांश जायसवाल 11वीं कक्षा में पढ़ता है और हॉस्टल में रहता है। शुक्रवार की रात हॉस्टल में रहने वाले उसके दोस्त का जन्मदिन था। भूयांश दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के बाद रात करीब 12 बजे कमरे में आकर पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 12 बजे किसी स्टूडेंट ने प्रिंसिपल केपी पांडेय के कमरे का दरवाजा खटखटाया, जिससे नाराज प्रिंसिपल बाहर निकले, तब वहां कोई नहीं था। उन्होंने देखा कि वहां कोई नहीं है। इसके बाद वे भूयांश के कमरे में पहुंचे, जहां वह पढ़ाई कर रहा था। दरवाजा खटखटाने के नाम पर प्रिंसिपल ने उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसके हाथ और पैर में चोट लगी है।


Next Story