छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से बदली विनोद कुमार सेन की राह
Shantanu Roy
20 Sept 2026 4:00 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में आत्मनिर्भर भारत और रोजगार सृजन को निरंतर प्राथमिकता दी गई है। सरकार की योजनाओं ने युवाओं और छोटे उद्यमियों को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने तथा दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करने का मार्ग प्रशस्त किया है। महासमुंद जिले के ग्राम बेमचा निवासी विनोद कुमार सेन की सफलता इसी बदलाव की कहानी है, जिन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लाभ लेकर अपने छोटे से सेलून व्यवसाय को आधुनिक रूप दिया और आज स्वयं के साथ दो अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं।
विनोद कुमार सेन बताते हैं कि वे पहले गांव में हजामत का काम करते थे। इसके बाद उन्होंने गांव में ही एक छोटा सा सेलून शुरू किया। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे अपने ग्राहकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहे थे। समय के साथ उन्होंने महसूस किया कि ग्राहक केवल सेवा ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, बेहतर सुविधाओं और अच्छे अनुभव को भी महत्व देते हैं। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्राप्त की और जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, महासमुंद से संपर्क किया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के बाद श्री सेन ने ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। कार्यालय द्वारा आवेदन का परीक्षण कर ऋण स्वीकृति के लिए भारतीय स्टेट बैंक, मेन ब्रांच महासमुंद को प्रेषित किया गया। बैंक द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उन्हें 2.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। ऋण प्राप्त होने के बाद श्री सेन ने अपने सेलून में आधुनिक सुविधाएं विकसित कीं और ग्राहकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना शुरू किया। सेलून का स्वरूप बदलने के साथ ग्राहकों की संख्या में वृद्धि हुई और ग्राहकों का विश्वास भी मजबूत हुआ। पुराने ग्राहक अपने परिचितों को भी सेलून की सेवाओं के बारे में बताने लगे। निरंतर मेहनत, बेहतर सेवा और ग्राहक संतुष्टि ने धीरे-धीरे उनके छोटे व्यवसाय को स्थायी रोजगार के साधन में बदल दिया। आज विनोद कुमार अपने व्यवसाय से परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बैंक ऋण की किश्तों का नियमित रूप से भुगतान कर रहे हैं।
Next Story





