छत्तीसगढ़

स्कूल में फटा प्रेशर कुकर, 3 बच्चे घायल

Nilmani Pal
15 March 2023 8:14 AM GMT
स्कूल में फटा प्रेशर कुकर, 3 बच्चे घायल
x
छग

जशपुर। जिले के कांसाबेल ब्लॉक में स्थित प्राथमिक स्कूल के 3 बच्चे प्रेशर कुकर फटने से गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि रसौटा की हड़ताल के चलते तीनों बच्चे मध्याहन भोजन बना रहे थे इस दौरान प्रेशर कुकर फटने से हादसा हुआ। बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद ड़ीईओ ने बीईओ को मौके पर भेजा और मामले की जांच करवा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जिलेभर के शासकीय स्कूलों में मध्याहन भोजन पकाने वाले रसोइए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिसकी वजह से स्कूलों में मध्याहन भोजन बनाने में समस्या सामने आ रही है। कांसाबेल ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला जामटोली में शिक्षकों के द्वारा बच्चों से मध्याहन भोजन बनवाया जा रहा था। इस दौरान दोपहर में अचानक कुकर फट जाने से खाना बना रहे तीन बच्चे बुरी तरह झुलस गए। घटना दोपहर 1:00 बजे की है। बताया जाता है कि मध्याहन भोजन बनाने के दौरान एक बच्चे ने कुकर की सीटी निकाल दी थी जिससे प्रेशर के चलते कुकर फट गया। हादसे में एक बच्चे का पैर तो वही दो बच्चों का चेहरा झुलस गया।

बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल में ले जाकर भर्ती करवाया गया है। घायल बच्चों के नाम आकाश सिदार पिता पनसाय सिदार, स्वाति सिदार पिता लालू प्रसाद सिदार, राखी धुर्वे पिता सेवक राम धुर्वे है। घायलों का हाल जानने के लिए बीईओ संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे फिर उन्होंने स्कूल पहुंचकर प्रधान पाठक का बयान लिया है। प्रधान पाठक में अपने बयान में बताया कि रसोइयों के हड़ताल के चलते स्कूल में मध्याहन भोजन बनाने वाले नहीं है। उन्होंने भोजन बनाने के लिए गांव की महिलाओं से संपर्क किया था पर महिलाएं महुआ बीनने गई थी। जिसके चलते उन्हें मध्याहन भोजन बनाने वाला नहीं मिला। प्रधान पाठक के बयान के अनुसार वह बच्चों से मध्याहन भोजन नहीं बनवा रहे थे बल्कि खुद ही मध्याहन भोजन बना रहे थे। जब वह क्लास में पढ़ाने के लिए गए तब दूसरी क्लास से निकलकर बच्चों ने कुकर की सीटी निकाल दी जिससे हादसा हो गया।

Next Story