अध्यक्ष पद के दावेदार का पोस्ट रायपुर कांग्रेस के लिए बनी नई मुसीबत

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की सूची अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन अंदरूनी घमासान और नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के भीतर चल रही हलचल अब सोशल मीडिया के जरिए बाहर दिखने लगी है।
रायपुर जिले से जिलाध्यक्ष पद के दावेदार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने पोस्ट में ‘धोखा’, ‘गद्दार’ और ‘पीठ में छुरा’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
बता दें कि 15 अक्टूबर को NSUI और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रायपुर जिले के पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे से जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर लॉबिंग करने की शिकायत की थी। उन्होंने पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा के बेटे पंकज शर्मा और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय पर श्रीकुमार मेनन के लिए लॉबिंग करने का आरोप लगाया था। श्रीकुमार मेनन ने अपनी पोस्ट में लिखा , "किसी ने कहा कि आप इतना धोखा कैसे सह सकते हो, धोखा वो भी अपने लोगों से। तो मैंने कहा धोखा तो नमकहराम और गद्दार करते हैं। जिनको हमने सब कुछ दिया, वही हमारी पीठ में छुरा भोंकते हैं।"
पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन सियासी संकेत साफ हैं। माना जा रहा है कि जिलाध्यक्ष पद को लेकर किसी अंदरूनी राजनीति या निर्णय से वे आहत हैं।





