छत्तीसगढ़

युवती के लिए भगवान का रूप है प्रेमानंद महाराज, भविष्यवाणी से लापता मां मिल गई

Nil dhankar
17 May 2026 11:03 AM IST
युवती के लिए भगवान का रूप है प्रेमानंद महाराज, भविष्यवाणी से लापता मां मिल गई
x
पढ़े पूरी खबर

भिलाई। बिहार के भागलपुर की रहने वाली पूजा की अपनी मां को तलाश की 11 महीने लंबी जद्दोजहद आखिरकार भिलाई आकर खत्म हुई। उनकी मां बबीता देवी अब सुरक्षित रूप से घर लौट चुकी हैं। इससे पहले पूजा ने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर अपनी पूरी परेशानी बताई थी। इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनकी मां जल्द मिल जाएंगी।

दरअसल, बबीता देवी (65) मायके के लिए निकली थी, लेकिन वह लापता हो गईं थी। बेटी ने हर जगह तलाशा, लेकिन मां कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच भिलाई के एक आश्रम से पूजा के पास फोन आया कि उनकी मां वहां मौजूद हैं। खबर मिलते ही पूजा ट्रेन से जनरल डिब्बे में सफर कर भिलाई पहुंची, जब आश्रम में मां-बेटी आमने-सामने आए तो दोनों एक-दूसरे से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़े।

दरअसल, 3 जून 2025 बबीता देवी मायके जगतपुर जाने के लिए घर से निकली थीं। उन्होंने परिवार से कहा था कि वह 10 दिनों में लौट आएंगी, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गईं। मां के अचानक गायब होने के बाद बेटी पूजा ने तलाश में रेलवे स्टेशन, मंदिर, बस स्टैंड से लेकर दर्जनों वृद्धाश्रम तक छान डाले। उन्होंने थानों के चक्कर लगाए, पोस्टर चिपकाए और हर भीड़ में अपनी मां को खोजती रहीं। धीरे-धीरे परिवार उम्मीद खोने लगा था। इसी दौरान पूजा भगवान की शरण में मथुरा और वृंदावन पहुंचीं। वहां वह संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम गईं। पूजा ने बताया कि उन्होंने वहां अपनी परेशानी बताई और मां के मिलने की प्रार्थना की। आश्रम से उन्हें एक विशेष पाठ करने की सलाह दी गई, जिसे रोजाना ढाई से तीन घंटे तक करना होता था।

पूजा ने बताया कि वह पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ रोज वह पाठ करने लगीं। उनका कहना है कि जब हर रास्ता बंद हो गया था, तब उन्होंने सिर्फ भगवान पर भरोसा रखा। कुछ दिनों बाद अचानक बांका थाना से फोन आया। पुलिस ने बताया कि उनकी मां भिलाई के एक आश्रम में मिल गई हैं। उस आश्रम का नाम ‘फील परमार्थम’ था।

Next Story