छत्तीसगढ़
प्री डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा 04 जून को, 19 केंद्रों पर 4849 परीक्षार्थी शामिल होंगे
Shantanu Roy
27 May 2026 7:09 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। महासमुंद जिले में छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित प्री डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन 04 जून 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा एक ही पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा जिला मुख्यालय महासमुंद के 19 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 4849 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु 19 परिवहन अधिकारी एवं पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केंद्र क्रमांक 2301 के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बरन सिंह मंडावी को परिवहन अधिकारी/पर्यवेक्षक बनाया गया है। इसी तरह केंद्र क्रमांक 2302 के लिए अनुविभागीय अधिकारी विद्युत/यांत्रिकी खेतन सिंह देवांगन, केंद्र क्रमांक 2303 के लिए श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र, केंद्र क्रमांक 2304 के लिए कार्यपालन अभियंता जल संसाधन अजय कुमार खरे, केंद्र क्रमांक 2305 के लिए सहायक संचालक उद्यान पायल साव को जिम्मेदारी दी गई है।
केंद्र क्रमांक 2306 के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शिल्पा साय, केंद्र क्रमांक 2307 के लिए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग सी.एस. चंद्राकर, केंद्र क्रमांक 2308 के लिए उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप, केंद्र क्रमांक 2309 के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता देव प्रकाश वर्मा तथा केंद्र क्रमांक 2310 के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंत्यावसायी प्रभा मारकण्डे को नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में केंद्र क्रमांक 2311 से 2319 तक के लिए भी अलग-अलग विभागीय अधिकारियों को परिवहन अधिकारी/पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला पंजीयक, जिला विपणन अधिकारी, हाउसिंग बोर्ड, आबकारी विभाग, नगर पंचायत, उप पंजीयक, हाथकरघा एवं वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रूप से केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा को लेकर छात्रों में भी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस प्रवेश परीक्षा में शामिल होकर डी.एल.एड. कोर्स में प्रवेश पाने के लिए प्रयासरत हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग करेगा।
Next Story





