छत्तीसगढ़

प्रयास आवासीय विद्यालय: कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा 10 मई को

Shantanu Roy
26 March 2026 6:27 PM IST
प्रयास आवासीय विद्यालय: कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा 10 मई को
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित राजीव गांधी बाल भविष्य सुरक्षा प्रयास आवासीय विद्यालय योजना (संशोधित) के तहत कक्षा 9वीं (सत्र 2026-27) में प्रवेश हेतु राज्य स्तरीय प्राक्चयन परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह योजना प्रदेश के अधिसूचित क्षेत्रों, आदिवासी उपयोजना क्षेत्रों एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट शैक्षणिक शिक्षा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराती है। इनमें मेडिकल, इंजीनियरिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए), कंपनी सेक्रेटरी (सीएस.), कॉमन लॉ एंट्रेंस टेस्ट (CLAT) और नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) जैसी परीक्षाओं की तैयारी शामिल है।

इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी केवल अनुसूचित क्षेत्र, आदिवासी उपयोजना क्षेत्र (रायगढ़ जिले के लैलूंगा, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, तमनार और खरसिया) तथा विशेष रूप से कमजोर जनजातियों के स्कूलों के छात्र होंगे। रायगढ़ के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालयों में चयन हेतु मापदण्ड तैयार किया गया है। इसके तहत विद्यार्थी को किसी विद्यालय से कक्षा 8वीं प्रथम श्रेणी या समक्षक ग्रेड में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। वर्ष 2025-26 में कक्षा 8वीं उत्तीर्ण या परीक्षा में शामिल विद्यार्थी ही इस प्राक्चयन परीक्षा में भाग ले सकेंगे। विशेष ध्यान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों पर दिया गया है। यदि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवार का विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन करता है।

उसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीधे चयन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी होने का सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण-पत्र और स्थायी जाति प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का समय-निर्धारण भी घोषित किया गया है। विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026, रात्रि 12 बजे निर्धारित की गई है। आवेदन में त्रुटि सुधार 18 से 21 अप्रैल रात्रि 12 बजे तक किया जा सकेगा। इसके पश्चात् जिला स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन 22 से 28 अप्रैल तक होगा। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि 1 से 9 मई निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास रायगढ़ या कार्यालय परियोजना प्रशासक, एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना, धरमजयगढ़ से प्राप्त की जा सकती है।
Next Story