
x
छग
Raipur रायपुर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। राजधानी रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए मशाल रैली निकाली। भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता भारत माता चौक शंकर नगर से राजीव भवन तक पहुंचे। कांग्रेस कार्यालय के पास कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई। भाजयुमो रायपुर शहर जिला की ओर से आयोजित मशाल रैली में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा और रायपुर शहर जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने मशाल लेकर कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च किया और राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर प्रदर्शन किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘वंदे मातरम्’ का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसका सम्मान प्रत्येक देशवासी के लिए महत्वपूर्ण है। ठाकुर ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़े इस विवाद पर प्रदेश कांग्रेस का क्या पक्ष है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि इस प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस को ‘वंदे मातरम्’ की अहमियत बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि देश और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर भाजयुमो आवाज उठाता रहेगा।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव समेत भाजपा और भाजयुमो के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इधर कोरबा में भी इसी मुद्दे पर भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया। बारिश के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता टीपी नगर चौक पर एकत्र हुए और हाथों में तिरंगा लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय तक पदयात्रा निकाली। प्रदर्शन में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य नेता शामिल हुए। रायपुर और कोरबा में हुए इन प्रदर्शनों के बाद ‘वंदे मातरम्’ को लेकर प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। भाजपा इसे राष्ट्रगीत के सम्मान का मुद्दा बता रही है, जबकि राजधानी में प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।
Next Story





