
x
छत्तीसगढ़
Bilaspur बिलासपुर: जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा निवासी आयुष बरगाह और राजेश बरगाह ने थाना के तीन पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में प्रधान आरक्षक अमर सिंह चंद्रा, मुकेश दिव्या और प्रताप साहू का नाम लेते हुए आरोप लगाया गया है कि वे मारपीट मामले में कार्रवाई करने के बजाय समझौते का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिसकर्मी उन्हें बार-बार धमका रहे हैं कि यदि समझौता नहीं किया गया तो उन्हें एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसा दिया जाएगा।
आयुष बरगाह ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचकर भी दबाव बना रहे हैं और पुराने मामलों का हवाला देकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बातचीत के दौरान जातिगत टिप्पणियों का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे पूरा परिवार तनाव में है।
पीड़ित परिवार ने दावा किया है कि धमकी और बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस रिकॉर्डिंग को जांच में शामिल किया जाए। शिकायत में 19 अप्रैल 2026 को हुई मारपीट की घटना का भी जिक्र किया गया है। परिवार का आरोप है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
Next Story





