छत्तीसगढ़

पुलिसकर्मी ने अपराधी का जन्मदिन मनाया, सस्पेंड

Nilmani Pal
17 April 2026 11:47 AM IST
पुलिसकर्मी ने अपराधी का जन्मदिन मनाया, सस्पेंड
x
छग

दुर्ग। जिले में एक जिलाबदर बदमाश के जन्मदिन समारोह में शामिल होने वाले छावनी थाना में पदस्थ पुलिस आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल कार्रवाई करते हुए आरक्षक को निलंबित कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना छावनी में पदस्थ आरक्षक नितिन सिंह राजपूत का एक वीडियो सामने आया है । इसमें वह जिलाबदर बदमाश शेख अब्बास खान के साथ केक काटते नजर आ रहा है। इस वीडियो में अब्बास का भांजा भी दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जा रहा था, उसे पहले ड्रग्स से जुड़े मामले में पुलिस ने जेल भेजा था।

अपराधी के साथ पुलिस आरक्षक के साथ केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद इसे पुलिस ने गंभीरता से लिया । दुर्ग के डीआईजी विजय अग्रवाल ने लिखित आदेश जारी कर आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह साफ है कि आरक्षक का आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ मेलजोल है, जो कि संदिग्ध आचरण की श्रेणी में आता है।

वीडियो के वायरल होने पर अब पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आदेश में इस बात का भी उल्लेख है कि इस तरह का कृत्य पुलिस का अपराधियों के साथ मेलजोल और संदिग्ध आचरण पुलिस विभाग की छवि को खराब करता है। पुलिस विभाग ने इसे अनुशासनहीनता और आपराधिक तत्वों अनुचित संबंध का मामला मानते हुए आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित आरक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Next Story