छत्तीसगढ़
गोदावरी पावर एंड इस्पात में पुलिस का सत्यापन अभियान जारी
Shantanu Roy
18 Aug 2026 12:22 AM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत बाहरी राज्यों के श्रमिकों और अवैध प्रवासियों की पहचान के उद्देश्य से विशेष सत्यापन अभियान चलाया। इसी कड़ी में सिलतरा स्थित हीरा ग्रुप के गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड में कार्यरत 250 से अधिक श्रमिकों का पुलिस सत्यापन किया गया। सिलतरा और धरसींवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रमिकों के पहचान संबंधी दस्तावेज, स्थायी पता, वर्तमान निवास और रोजगार से संबंधित जानकारियों की जांच की।
रायपुर ग्रामीण पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की समय रहते पहचान करना है। इसी क्रम में पुलिस की टीम गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड पहुंची। यहां कार्यरत 250 से अधिक श्रमिकों से संबंधित जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने श्रमिकों के नाम, स्थायी पते, वर्तमान निवास और पहचान संबंधी दस्तावेजों का मिलान किया। इसके अलावा संबंधित श्रमिक कहां से आए हैं और वर्तमान में किस स्थान पर रहकर काम कर रहे हैं, इसकी जानकारी भी सत्यापन प्रक्रिया में शामिल की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
सत्यापन की पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा और उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। सिलतरा थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र सिंह कंवर और धरसींवा थाना प्रभारी टीआई राजेंद्र दीवान की अगुवाई में पुलिस टीम ने औद्योगिक संस्थान में पहुंचकर श्रमिकों के दस्तावेजों की जांच की। पुलिस ने उद्योग प्रबंधन को भी श्रमिकों से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं।
बाहरी श्रमिकों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश
पुलिस ने औद्योगिक संस्थानों को निर्देशित किया है कि दूसरे राज्यों से आने वाले सभी श्रमिकों का आवश्यक पुलिस सत्यापन कराया जाए। उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों और स्थायी पते की जानकारी सुरक्षित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्ति के संबंध में जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही उद्योग प्रबंधन और श्रमिकों को मकान या कमरा उपलब्ध कराने वाले लोगों से भी जानकारी पुलिस के साथ साझा करने के लिए कहा गया है। श्रमिकों के निवास और रोजगार से जुड़े रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने पर विशेष जोर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे नजरअंदाज न किया जाए और तत्काल संबंधित थाने को सूचना दी जाए।
औद्योगिक क्षेत्रों में जारी रहेगा सत्यापन
रायपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल एक संस्थान तक सीमित नहीं रहेगा। सिलतरा और धरसींवा सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी बाहर से आकर काम करने वाले लोगों के सत्यापन की कार्रवाई लगातार की जाएगी। पुलिस का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अलग-अलग राज्यों से श्रमिक रोजगार के लिए आते हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से कर्मचारियों और श्रमिकों की सही पहचान तथा उनके स्थायी एवं वर्तमान पते का रिकॉर्ड होना आवश्यक है। इससे किसी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक मामले की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने में आसानी होती है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने औद्योगिक संस्थानों और आम नागरिकों से अपील की है कि अपने यहां काम करने वाले बाहरी राज्यों के श्रमिकों की जानकारी और दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन कराएं। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, बाहरी श्रमिकों का सत्यापन सुनिश्चित करने और अवैध प्रवासियों की पहचान के उद्देश्य से इस तरह की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tagsरायपुर ग्रामीण पुलिससिलतरा पुलिसधरसींवा पुलिसगोदावरी पावर एंड इस्पातश्रमिक सत्यापनबाहरी श्रमिकअवैध प्रवासी जांचहीरा ग्रुपऔद्योगिक क्षेत्र रायपुरपुलिस वेरिफिकेशनRaipur Rural PoliceSilatara PoliceDharsiwa PoliceGodavari Power & SteelLabour VerificationOutside LabourIllegal Migrant CheckHira GroupIndustrial Area RaipurPolice Verification
Next Story





