छत्तीसगढ़
कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष की हत्या की साजिश रची, पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की
jantaserishta.com
30 Oct 2025 12:50 PM IST

x
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद को लेकर कांग्रेस नेता व जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह की हत्या की साजिश रचने वाले आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कांग्रेस के निष्कासित नेता विश्वजीत अनंत मुख्य साजिशकर्ता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के पास से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 5 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 13 खाली खोखे, 10 बुलेट और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यह घटना 28 अक्टूबर की शाम 6 बजे मस्तूरी मेन रोड पर हुई थी। आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों से पहुंचकर नीतेश सिंह और उनके साथियों पर गोलियां चलाईं। इस हमले में उनके सहयोगी राजू सिंह और चंद्रभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गठित एसीसीयू (साइबर सेल) और थाना मस्तूरी की संयुक्त टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नीतेश सिंह और विश्वजीत अनंत के बीच मस्तूरी क्षेत्र में जमीन के क्रय-विक्रय और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दो साल पहले नीतेश सिंह और उनके साथियों ने श्रीकांत वर्मा मार्ग पर विश्वजीत पर लाठी-डंडों से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। इस मामले में नीतेश सिंह पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ था। उसी रंजिश के चलते विश्वजीत ने अपने भाइयों और साथियों के साथ मिलकर नीतेश की हत्या की योजना बनाई।
पहला प्रयास 25 अक्टूबर को किया गया था, लेकिन असफल रहा। इसके बाद 28 अक्टूबर को हमले को अंजाम दिया गया। विवेचना में यह भी पता चला है कि तारकेश्वर पाटले ने विश्वजीत को एक लाख रुपये नकद दिए थे, जो आरोपियों में बांटे गए। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में विश्वजीत अनंत (29 वर्ष), अरमान उर्फ बलमजीत अनंत (29 वर्ष), चाहत उर्फ विक्रमजीत अनंत (19 वर्ष), तीनों ग्राम मोहतरा के, मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस (29 वर्ष), भारतीय नगर, बिलासपुर, मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू (22 वर्ष), अटल आवास, कोनी तथा विधि से संघर्षरत दो किशोर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 3(5) बीएनएस, 25 और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि सभी आरोपियों के शेष सहयोगियों की भी पहचान की जा रही है।
Tagsबिलासपुरकांग्रेस नेताहत्या की साजिशबिलासपुर न्यूज़BilaspurCongress leadermurder conspiracyBilaspur News
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





