छत्तीसगढ़

पुलिस ने नशे के सौदागर और चाकूबाजों पर कसा शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Aug 2025 12:00 AM IST
पुलिस ने नशे के सौदागर और चाकूबाजों पर कसा शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम पोर्ते, शहर एएसपी लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में बदमाश प्रवृत्ति के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी और उनके खिलाफ दर्ज मामले
शेख आजम (26 वर्ष) निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सेक्टर-3 भाटागांव को अपराध क्रमांक 292/2025, धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से प्लास्टिक झिल्ली में 10 ग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹40), एक मिट्टी का चिलम, सफेद रंग का चिंदी कपड़ा और एक माचिस जब्त की गई।
कविराज महानंद (28 वर्ष) निवासी बलांगीर, उड़ीसा, हाल शिवनगर, संतोषी नगर के पास टिकरापारा से अपराध क्रमांक 293/2025, धारा 34(ए) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 2880 मिलीलीटर अवैध देशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1600 बताई जा रही है।
दिनेश निर्मलकर (27 वर्ष) निवासी छिरापर भाटागांव, को अपराध क्रमांक 295/2025, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक नग धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
दिनांक 31 जुलाई और 1 अगस्त की दरम्यानी रात पुरानी बस्ती थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध किस्म के बदमाश सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, शराब बेच रहे हैं और हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल तीन टीमों का गठन कर रवाना किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों स्थानों से आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया और उनके पास से नशीले पदार्थ, अवैध शराब और हथियार बरामद किए।
कड़ी कार्रवाई की तैयारी में पुलिस
तीनों ही आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के माने जाते हैं और पूर्व में भी इनके खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब आरोपियों की पृष्ठभूमि खंगाल रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ये लोग किस नेटवर्क से जुड़े हैं और कहां से नशीले पदार्थ व हथियार प्राप्त कर रहे थे। थाना पुरानी बस्ती पुलिस की यह कार्रवाई अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ इसी तरह की सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
Next Story