चोरी हुए लोहे का एंगल पुलिस ने किया बरामद, आरोपित की तलाश में जुटी

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र स्थित सेमरताल के गोठान से लोहे का एंगल चोरी कर युवक अपने खेत में बने मकान में छिपा रखा था। इसकी जानकारी होने पर सरपंच और गांव वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इस बीच युवक गांव से फरार हो गया। सरपंच की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपित युवक की तलाश कर रही है।
कोनी क्षेत्र के सेमरताल निवासी राजेंद्र साहू गांव के सरपंच हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि गांव में उन्होंने शासन की योजना के तहत गोठान का निर्माण कराया है। इसकी सुरक्षा के लिए लोहे के एंगल लगाए गए हैं। बीते एक महीने चोर लोहे के एंगल चोरी कर ले जा रहा था। इस पर सरपंच और गांव के लोग चोरों की ताक में थे। सोमवार की सुबह गांव के विकास कौशिक को जानकारी मिली कि गांव में ही रहने वाले ऋषि धीवर ने लोहे के एंगल को काटकर अपने खेत में बने मकान में छिपाकर रखा है। इस पर सरपंच ने उससे पूछताछ की। लेकिन युवक ने साफ इन्कार कर दिया। सरपंच ने गांव के लोगों को लेकर उसके मकान में जाकर देखा तो लोहे के एंगल रखे थे। इसकी शिकायत कोनी थाने में की गई। इस बीच युवक गांव से फरार हो गया। पुलिस ने एंगल जब्त कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।





