छत्तीसगढ़
कुरुद में दो ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 988 नशीले कैप्सूल जब्त तीन गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Sept 2026 3:38 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरुद पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 988 नशीले कैप्सूल, 2 हजार 50 रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 27 हजार 243 रुपए बताई गई है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध नशीली दवाइयों, मादक पदार्थों, गांजा और अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कुरुद पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर नशीले कैप्सूल की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। पहली कार्रवाई 24 सितंबर 2026 को ग्राम उमरदा स्थित विशाखापटनम ओवरब्रिज के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यहां कुछ लोग नशीले कैप्सूल की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर कुरुद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो युवकों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक कोसिरिया पिता निरंजन कोसिरिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी गांधी चौक कुरुद और पंकज पटेल पिता कृष्णा पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी उमरदा कुरुद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 613 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी कीमत 4 हजार 904 रुपए बताई गई है। इसके अलावा बिक्री के 1 हजार 50 रुपए नकद और करीब 10 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 15 हजार 954 रुपए की सामग्री जब्त की गई है।
इस मामले में कुरुद थाने में अपराध क्रमांक 315/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(क), 29 के तहत कार्रवाई की गई है। दूसरी कार्रवाई ग्राम भरदा ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक चाय दुकान के पास की गई। यहां पुलिस टीम ने दबिश देकर एक युवक को नशीले कैप्सूल की अवैध बिक्री के आरोप में पकड़ा। आरोपी की पहचान गुलशन साहू पिता महेन्द्र साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा, थाना कुरुद के रूप में की गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 375 नशीले कैप्सूल जब्त किए, जिनकी कीमत 4 हजार 289 रुपए बताई गई है। इसके अलावा बिक्री के एक हजार रुपए नकद और करीब 6 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस कार्रवाई में कुल 11 हजार 289 रुपए की सामग्री जब्त हुई है। दूसरे मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 316/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख), 29 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 988 नशीले कैप्सूल, 2 हजार 50 रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनकी कुल जब्ती कीमत 27 हजार 243 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशीले कैप्सूल ग्राहकों को 100 रुपए प्रति नग की दर से बेचते थे। इस आधार पर जब्त 988 कैप्सूल की अनुमानित बाजार कीमत 98 हजार 800 रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। धमतरी पुलिस ने आम लोगों से नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है, ताकि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Next Story





